इटावा में छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने 13 लाख के जेवर और नकदी की पार

Feb 28, 2026 12:22 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, इटावा औरैया
share Share
Follow Us on

Etawah-auraiya News - वैदपुरा थाना क्षेत्र के नगला बाबा गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। पीड़ित मुकेश की पत्नी जब अलमारी के पास गई, तो उसे खुला और सामान बिखरा मिला। चोरी की कुल कीमत लगभग 13 लाख रुपये है। पुलिस जांच कर रही है।

इटावा में छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने 13 लाख के जेवर और नकदी की पार

वैदपुरा थाना क्षेत्र के नगला बाबा गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए छत के रास्ते अंदर घुसकर लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीड़ित की ओर से थाने में तहरीर दे दी गई है। नगला बाबा गांव निवासी मुकेश ने बताया कि बुधवार शाम उनकी पत्नी अंजलि किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए तैयार होने के लिए कमरे में रखी अलमारी के पास गई। वहां पहुंचने पर अलमारी खुली मिली और कमरे का सामान बिखरा पड़ा था।

शक होने पर जब अलमारी की जांच की गई तो उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी गायब मिले। यह देखकर परिवार के होश उड़ गए। सोने की चार चूड़ियां, दो अंगूठियां, एक चेन, कानों की एक जोड़ी झुमकी, एक जोड़ी टॉप्स, दो नथुनी, चार बिछिया, चार पायल, एक चांदी का सिक्का तथा 20 हजार रुपये नगद रखे थे। चोरी गए जेवर और नकदी की कुल कीमत लगभग 13 लाख रुपये बताई जा रही है। शनिवार को जब अलमारी खोली गई थी तब सभी सामान सुरक्षित था, लेकिन बुधवार को पत्नी के कमरे में पहुंचने पर अलमारी खुली और सामान बिखरा मिला, तब चोरी की जानकारी हुई। दंपति दूसरे कमरे में सोते हैं, जबकि अलमारी अलग कमरे में रखी हुई है। आशंका जताई जा रही है कि चोर रात के समय छत के रास्ते घर में घुसे और किसी औजार से अलमारी का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। इसके बाद पीड़ित की ओर से थाने में प्रार्थना पत्र दिया गया है। मुकेश गांव में खेती-बाड़ी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि उनके भाई बृजेश कुमार शिक्षक हैं और सैफई ब्लॉक के नगला छविनाथ स्थित प्राथमिक विद्यालय में तैनात हैं। थाना अध्यक्ष नागेंद्र चौधरी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।