इटावा में बंद मकान का ताला तोड़कर पांच लाख की चोरी
Etawah-auraiya News - गांव कुंअरा में एक मकान का ताला टूटने के बाद चोरों ने अंदर घुसकर लगभग पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और पीतल के बर्तन चुरा लिए। मकान मालिक प्रमोद कुमार दीवाली के बाद नोएडा लौट गए थे। पड़ोसी ने टूटे ताले की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। गांव में दहशत का माहौल है।
गांव कुंअरा में रविवार को कई दिनों से बंद पड़े एक मकान का ताला टूटा मिला। चोरों ने मकान के अंदर घुसकर अलमारी खंगाल डाली और करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर व पीतल के बर्तन उठा ले गए। पड़ोसी की नजर मकान के टूटे ताले पर पड़ी और उसने इसकी सूचना मकान मालिक को फोन पर दी। गांव कुंअरा निवासी प्रमोद कुमार नोएडा सेक्टर-59 में परिवार सहित रहते हैं और एक निजी कंपनी में सिलाई का काम करते हैं। दीवाली का त्योहार मनाने के लिए प्रमोद अपनी पत्नी और बच्चों के साथ गांव आए थे। त्योहार के कुछ दिन बाद ही वे वापस नोएडा लौट गए थे, जिसके बाद से उनका मकान बंद पड़ा था।
इसी बंद पड़े घर को चोरों ने निशाना बनाया। रविवार सुबह करीब 11 बजे मकान के बगल में रहने वाली शशि की भतीजी रोशनी किसी काम से घर के पास पहुंची। तभी उसकी नजर मुख्य दरवाजे के टूटे ताले पर पड़ी। उसने तुरंत शशि को जानकारी दी। शशि ने यह बात फोन से प्रमोद को बताई। सूचना मिलते ही प्रमोद और उनकी पत्नी नोएडा से रात को ही गांव पहुंच गए। घर में कदम रखते ही दोनों के होश उड़ गए। कमरे का सामान चारों ओर बिखरा पड़ा था, अलमारी का लॉक टूटा हुआ था और जेवरों के बक्से खाली पड़े थे। प्रमोद ने बताया चोर सोने-चांदी के कीमती जेवरों के साथ पीतल के बर्तन भी उठा ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग पांच लाख रुपये है। उन्होंने बताया कि अलमारी और बक्सों में रखे तकरीबन सभी गहने गायब थे, जिनमें सोने की चेन, अंगूठियां, मंगलसूत्र और चांदी के सिक्के व बिछुए शामिल थे। सूचना पर पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर के मुख्य दरवाजे, ताले, कमरे और अलमारी की बारीकी से जांच की। फिंगरप्रिंट टीम को भी सूचना दे दी गई है। गांव में चोरी की इस घटना के बाद दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से गांव में बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ी है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द चोरी का खुलासा करने का दावा किया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




