सैंपल भरने गए अभिहीत अधिकारी और उनकी टीम को व्यापारियों ने पुलिस की मौजूदगी में पीटा
Etawah-auraiya News - इटावा में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम पर व्यापारियों ने हमला किया जब वे पाम ऑयल के नमूने भरने पहुंचे। व्यापारियों ने पुलिस के सामने विरोध किया, जिससे स्थिति बिगड़ गई। पुलिस ने हस्तक्षेप किया और टीम को सुरक्षित निकाला। बाद में फिर से कार्रवाई कर संदिग्ध टैंकों को सीज किया गया।

इटावा। शहर में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के दौरान बुधवार को बड़ा बवाल हो गया। पाम ऑयल के थोक कारोबारी के यहां सैंपल भरने पहुंची टीम पर व्यापारियों ने पुलिस के सामने विरोध करते हुए हंगामा किया और मारपीट कर दी। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और टीम को सुरक्षित बाहर निकालना पड़ा। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में दोबारा कार्रवाई कर सैंपल लिए गए और संदिग्ध टैंकों को सीज कर दिया गया। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय राजेश कुमार द्विवेदी टीम के साथ बुधवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे शहर कोतवाली क्षेत्र में रामलीला रोड स्थित बीआर ऑयल मिल पर निरीक्षण और नमूना लेने पहुंचे।
टीम को शिकायत मिली थी कि पाम ऑयल की अवैध पैकिंग कर विभिन्न ब्रांड के नाम से बिक्री की जा रही है। टीम ने जब गोदाम में जांच शुरू की और नमूने भरने का प्रयास किया, तभी वहां मौजूद व्यापारियों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि दुकान संचालक अंकुर अग्रवाल ने पहले बहस की और फिर फोन कर अपने परिजनों व व्यापार मंडल से जुड़े लोगों को मौके पर बुला लिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग वहां इकट्ठा हो गए और टीम को घेर लिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी रविभान सिंह ने स्थिति बिगड़ते देख पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में भी हंगामा शांत नहीं हुआ। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि व्यापारियों ने उनके साथ अभद्रता की, धक्का-मुक्की की और मारपीट करते हुए उन्हें दुकान से बाहर निकाल दिया। यहां तक कि शटर गिराकर टीम को अंदर घेरने की कोशिश की गई। किसी तरह पुलिस के सहयोग से टीम वहां से निकलकर कोतवाली पहुंची और उच्चाधिकारियों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी गई। व्यापारियों ने भी खाद्य विभाग की टीम पर गंभीर आरोप लगाए। व्यापार मंडल अध्यक्ष अनंत अग्रवाल ने टीम पर उत्पीड़न और रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। वहीं, एक व्यापारी के भाई ने विरोध प्रदर्शन के दौरान खाद्य विभाग की गाड़ी के सामने लेटकर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया, जिसे मौके पर मौजूद पुलिस ने रोक दिया और पेट्रोल की बोतल छीन ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम के निर्देश पर शाम को सिटी मजिस्ट्रेट राजेंद्र बहादुर और एसडीएम विक्रम सिंह राघव की निगरानी में भारी पुलिस बल के साथ दोबारा कार्रवाई की गई। इस दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने गोदाम से पाम ऑयल के सैंपल भरे और पीछे बने टैंकों को सीज कर दिया।सहायक सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने के साथ-साथ मारपीट कर टीम को धमकाया भी गया। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो फील्ड में काम करना मुश्किल हो जाएगा। घटना के बाद विभागीय अधिकारियों में आक्रोश के साथ-साथ भय का माहौल भी देखा जा रहा है। मुकदमा दर्ज कराकर कड़ी कार्रवाई कराएंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


