
इटावा में एमआर का शव मिलने से मचा हड़कंप
Etawah-auraiya News - फ्रेंड्स कॉलोनी के न्यू तुलसी नगर में एक किराए के मकान में 45 वर्षीय अंबरीश द्विवेदी का शव संदिग्ध हालात में मिला। बच्चों की गेंद कमरे में जाने पर दरवाजा खटखटाने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के मोहल्ला न्यू तुलसी नगर में एक किराए के मकान में रह रहे एमआर का शव संदिग्ध हालात में कमरे के अंदर पड़ा मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। कानपुर नगर थाना शिवराजपुर के जगदीशपुर निवासी 45 वर्षीय अंबरीश द्विवेदी पिछले करीब ढाई वर्षों से रविंद्र सिंह के मकान में किराए पर रहा था। शनिवार शाम घर के बाहर खेल रहे बच्चों की गेंद मृतक के कमरे में चली गई। बच्चों ने दरवाजे की कुंडी कई बार बजाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इस पर बच्चों ने मकान मालिक को जानकारी दी। मकान मालिक रविंद्र सिंह यादव ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने छज्जे के सहारे कमरे में प्रवेश कर अंदर से दरवाजा खोला, जहां अंबरीश द्विवेदी का शव पड़ा मिला। पुलिस ने घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को दी। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। रविंद्र सिंह ने बताया अंबरीश द्विवेदी एमआर का काम करता था। मृतक के साथ उसकी पत्नी नीतू और 14 वर्षीय बेटा भी रहता है। तीन दिन पहले ही वह अपनी पत्नी और बेटे को मायके छोड़कर लौटा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। थाना प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




