आंधी के साथ बारिश, गेहूं की फसल की बर्बादी
Etawah-auraiya News - इटावा में शनिवार और रविवार की बारिश और ओलावृष्टि ने गेहूं की फसल को काफी नुकसान पहुँचाया है। मंगलवार को फिर से आंधी और बारिश हुई, जिससे नुकसान और बढ़ गया है। किसानों का कहना है कि ताखा क्षेत्र में 40% नुकसान हुआ है। प्रशासन ने नुकसान का सर्वे करने की योजना बनाई है।

इटावा। शनिवार और रविवार की बारिश व ओलावृष्टि ने गेहूं की फसल का काफी नुकसान पहुंचाया। मंगलवार शाम एक बार फिर आंधी के साथ बारिश हुई, इससे फसलों को नुकसान पहुंचा है। जिले में एक लाख 16000 हेक्टेयर में रबी की फसल बोई जाती है। इसमें 90 हजार हेक्टेयर में गेहूं की बुवाई होती है। इस समय गेहूं की फसल पक गई है और उसकी कटाई का काम शुरू है। सोमवार को बादल छाए रहे लेकिन बारिश नहीं हुई। मंगलवार को फिर मौसम बदला और आंधी के साथ बारिश होने लगी। किसानों ने बताया कि पहले तेज हवा और आंधी से फसल गिर गई और उसके बाद बारिश में भीग गई।
चना और मक्का की फसल को भी नुकसान हुआ।ताखा क्षेत्र के किसानों का कहना है कि करीब 40 फीसदी नुकसान हुआ है। मंगलवार को बारिश से नुकसान और बढ़ने की आशंका है। बकेवर में गेहूं, बेझर,सरसों को नुकसान हुआ है। ग्राम शेरपुरा, सुनवर्सा, मतिरामपुरा, लुधियानी सहित अन्य कई गांवों व नगर लखन बकेवर में खेतों में खड़ी फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। किसानों ने बताया कि बालियां खेतों में ही नष्ट हो गईं। किसान खुशीलाल कुशवाहा ने बताया कि दाना काला पड़ने की उम्मीद है। आलू भी खराब हो सकता है।इटावा। आंधी-पानी से हुए नुकसान का सर्वे कराया जाएगा। टीमें अलग-अलग क्षेत्र में जाकर सर्वे करेंगी। इन टीमों में राजस्व विभाग, कृषि विभाग और फसल बीमा कंपनी के कर्मचारी शामिल रहेंगे। इटावा। आंधी-पानी से फसल के नुकसान की प्रशासन ने अपनी रिपोर्ट शासन को भेजी है। इसमें ताखा में गेहूं की फसल को 20 से 25 फ़ीसदी और चना को पांच प्रतिशत नुकसान की बात कही है। बढ़पुरा क्षेत्र के कुछ गांवों में आंधी-पानी से गेहूं की फसल को 15 फीसदी नुकसान बताया गया है। वहीं ताखा क्षेत्र के किसानों का कहना है कि इस आंधी पानी से उनकी फसल को लगभग 40 फ़ीसदी नुकसान पहुंचा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


