
इटावा में पुलिस और प्रशासनिक अफसरों ने परखी सुरक्षा
Etawah-auraiya News - दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के बाहर हुए धमाके के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता बढ़ गई है। उत्तर प्रदेश में पुलिस और प्रशासन हाई अलर्ट मोड में हैं। सुरक्षा जांच और गश्त तेज कर दी गई है, खासकर भीड़भाड़ वाले इलाकों और सार्वजनिक स्थलों पर। अधिकारियों ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के बाहर कार में हुए धमाके के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता बढ़ा दी गई है। उत्तर प्रदेश में भी पुलिस और प्रशासन हाई अलर्ट मोड पर है। इसी के तहत जिले में दूसरे दिन भी सुरक्षा जांच और गश्त तेज रही। भीड़भाड़ वाले बाजारों, धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, पार्किंग स्थलों और सार्वजनिक चौराहों पर पुलिस बल मुस्तैद दिखाई दिया। सोमवार देर रात से लेकर मंगलवार शाम तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लगातार गश्त, चेकिंग और सतर्कता अभियान चलाया। मंगलवार को सुरक्षा व्यवस्था और भी सख्त देखी गई। पुलिस ने सिर्फ संवेदनशील इलाकों में ही नहीं, बल्कि सामान्य और गांव-कस्बों के महत्वपूर्ण मार्गों पर भी पैदल मार्च और वाहन चेकिंग की।
इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और पार्किंग स्थलों पर खड़ी पुरानी या कई दिनों से लावारिस हालत में दिख रही गाड़ियों की बारीकी से छानबीन की गई। डॉग स्क्वायड और बम डिटेक्शन टीमों ने आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया। सोमवार देर रात डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल और एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस टीम, एएस चेक टीम एवं डॉग स्क्वायड के साथ रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, शहर के प्रमुख बाजार, पक्का तालाब मंदिर क्षेत्र, मुख्य चौराहों और संवेदनशील सार्वजनिक स्थलों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान अधिकारियों ने यात्रियों, दुकानदारों और आम नागरिकों से संवाद भी किया और उन्हें किसी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने एलआईयू समेत जनपद पुलिस की सभी इकाइयों को सतर्क रहने, खुफिया जानकारी के आदान-प्रदान को तेज करने और बिना देरी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस लाइंस से लेकर चौकियों तक सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




