
इटावा में बुद्ध विहार के कायाकल्प व जरूरी सुविधाओं के विकास पर हुयीं चर्चा
Etawah-auraiya News - नगला हरचंद मलाजनी में स्थित बुद्ध विहार का कायाकल्प कार्य जारी है। यहां बौद्ध साहित्य का पुस्तकालय खोला जाएगा और बुद्ध प्रतिमा को खुले स्वरूप में स्थापित किया जाएगा। परिसर में स्वच्छता, बैठने की व्यवस्था, रोशनी बढ़ाने और हरियाली को बढ़ाने जैसे कई सुधारों पर चर्चा की गई।
हाईवे किनारे नगला हरचंद मलाजनी स्थित बुद्ध विहार का कायाकल्प कार्य लगातार प्रगति पर है। परिसर को अधिक शांतिमय, दर्शनीय तथा आध्यात्मिक स्वरूप देने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण बदलाव किए जा रहे हैं। यहां आयोजित हुयीं बैठक में पुनर्निर्माण एवं सौंदर्यीकरण से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में यह भी बताया गया कि अध्ययन सुविधा बढ़ाने हेतु बौद्ध साहित्य का एक पुस्तकालय भी खोला जाएगा।बैठक में निर्णय लिया गया कि बुद्ध विहार में स्थापित बुद्ध प्रतिमा को छत के मध्य खुले स्वरूप में स्थापित किया जाए, ताकि हाईवे से गुजरने वाले श्रद्धालु और बौद्ध अनुयायी दूर से ही सहजता के साथ बुद्ध दर्शन कर सकें।
बुद्ध विहार परिसर में स्वच्छता व्यवस्था, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, परिसर में रोशनी बढ़ाने, पौधरोपण द्वारा हरियाली को विस्तार देने और नए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को बेहतर बनाने जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। पुनर्निर्माण प्रक्रिया को गति देने और प्राप्त दान के व्यय विवरण को सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिस पर सभी ने सहमति व्यक्त की। बैठक में संयोजक लक्ष्मण सिंह शाक्य पेंटर, प्रधान लक्ष्मी नारायण शाक्य, नाजिर प्रेम सिंह शाक्य, समाजसेवी प्रेम कुमार शाक्य, गौरव शाक्य नगला भिखन, राम प्रकाश नगला हरचंद, होरीलाल नगला हुलासी, दिनेश कुमार नगला भिखन, ओम नारायण बनकटी, रामकरन मलूपुरा, जनवेद सिंह मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




