नगदी से भरा बैग छोड़ गए रिटायर्ड राजस्व निरीक्षक, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी
Etawah-auraiya News - भरथना में एक रिटायर्ड राजस्व निरीक्षक का बैग जिसमें लगभग 89 हजार रुपये नकद और महत्वपूर्ण दस्तावेज थे, गायब हो गया। बैग दुकान पर भूलवश छोड़ने के बाद गायब हुआ। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।

भरथना, संवाददाता। कस्बा की गल्ला मंडी क्षेत्र में गुरुवार को एक रिटायर्ड राजस्व निरीक्षक का नगदी व जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग गायब हो गया। बैग में करीब 89 हजार रुपये नकद होने से पीड़ित के होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। औरैया के एलपी गड़वाना निवासी रामकिशोर ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह राजस्व विभाग से रिटायर्ड राजस्व निरीक्षक हैं। गुरुवार दोपहर वह भरथना स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा पहुंचे, जहां उन्होंने अपने खाते से 40 हजार रुपये निकाले।
उनके बैग में पहले से 49 हजार 500 रुपये रखे थे। इस तरह बैग में करीब 89 हजार रुपये नकद मौजूद थे। बैंक से निकलने के बाद वह गल्ला मंडी स्थित एक प्राेविजन की दुकान पर घरेलू सामान खरीदने पहुंचे। सामान लेने के दौरान वह भूलवश अपना बैग दुकान पर ही छोड़कर आगे चले गए। कुछ दूर पहुंचने पर बैग न होने का एहसास हुआ तो वह घबराकर वापस दुकान पर पहुंचे, लेकिन तब तक बैग गायब हो चुका था। बैग में नगदी के अलावा आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड समेत अन्य जरूरी दस्तावेज भी रखे थे। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान समेत आसपास के लोगों से पूछताछ की। प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने बताया कि दुकान पर बैग छूटने की सूचना मिली है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


