नशीली ताड़ी के अवैध कारोबार पर पुलिस का छापा, 200 लीटर ताड़ी नष्ट
Etawah-auraiya News - इटावा के बसरेहर के सरैया ताड़ गांव में पुलिस ने नशीली ताड़ी के अवैध कारोबार के खिलाफ छापेमारी की। पुलिस ने 200 लीटर ताड़ी नष्ट की और 5 लावारिश बाइक जब्त की। गांव में नशे के कारोबार की शिकायत पर कार्रवाई हुई, जिससे ग्रामीण परेशान थे। थाना अध्यक्ष ने कहा कि अभियान जारी रहेगा।

इटावा। बसरेहर के सरैया ताड़ गांव में नशीली ताड़ी के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान करीब 200 लीटर ताड़ी नष्ट कराई गई और मौके से पांच लावारिश बाइक बरामद कर सीज कर दी गईं। पुलिस की कार्रवाई से गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की शिकायत पर थाना अध्यक्ष सौरभ सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुरुवार देर शाम गांव में छापा मारा। गांव में बड़ी संख्या में ताड़ के पेड़ों से ताड़ी उतारी जा रही थी और उसमें नशे की गोलियां मिलाकर बेचा जा रहा था। शाम होते ही गांव में बाहरी लोगों का जमावड़ा लगने लगता था, जिससे ग्रामीण परेशान थे।
आरोप है कि नशे में कुछ लोग महिलाओं से अभद्रता भी करते थे। पुलिस के पहुंचते ही मौके पर भगदड़ मच गई और कई लोग अपनी बाइक छोड़कर भाग गए। पुलिस ने पांच बाइकों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। साथ ही 10 से अधिक ताड़ के पेड़ों पर लगी मटकियों को तोड़कर हटाया गया। थाना अध्यक्ष सौरभ सिंह ने बताया कि अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। मौके से भागे लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


