इटावा में होटल में छापेमारी के बाद दो युवतियों सहित आठ को भेजा गया जेल

Mar 02, 2026 11:26 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, इटावा औरैया
share Share
Follow Us on

Etawah-auraiya News - आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर होटल राज पैलेस में छापेमारी के बाद पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें छह युवक और दो युवतियां शामिल हैं। होटल मालिक सहित सात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच में होटल में देह व्यापार के संकेत मिले हैं और पुलिस ने कई आपत्तिजनक सामग्री बरामद की।

इटावा में होटल में छापेमारी के बाद दो युवतियों सहित आठ को भेजा गया जेल

आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे स्थित होटल राज पैलेस में छापेमारी के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इनमें छह युवक और दो युवतियां शामिल हैं। होटल मालिक समेत सात नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। अब पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है। जल्द ही पुलिस होटल मालिक को भी गिरफ्तार कर जेल भेजेगी। पुलिस के मुताबिक कमला नगर पिलखर निवासी एक व्यक्ति ने सूचना दी थी कि उनके घर के बाहर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि अंकुर शर्मा, निपेन्द्र कुमार और साहिल निवासी करनपुरा थाना कोतवाली इटावा उनके घर के बाहर आए और उनकी पत्नी के साथ गाली-गलौज करने लगे।

विरोध करने पर तीनों होटल राज पैलेस के अंदर भाग गए। सूचना मिलते ही थाना पुलिस टीम और सीओ सिटी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने होटल खुलवाया तो अंदर दो युवतियां और पांच युवक मौजूद मिले। इसी दौरान कुछ लोग होटल से भागकर आसपास के मकानों की छतों पर कूद गए। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें भी हिरासत में लिया। मौके से निरोध, बीयर केन, शराब की बोतलें और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। बरामद सामान को सील कर जांच के लिए भेजा गया है। तहरीर पर होटल मालिक कश्मीर सिंह सहित सात नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ अनैतिक व्यापार सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में अंकुर शर्मा, निपेन्द्र कुमार और साहिल निवासी करनपुरा, अनुज यादव, राहुल और दीपेन्द्र निवासी ग्राम कुनेरा फ्रेंड्स कॉलोनी शामिल हैं। इनके अलावा पश्चिम बंगाल के कोलकाता की दो युवतियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। सीओ सिटी ने बताया सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर अभिरक्षा में भेज दिया गया। डायरी में दर्ज नाम और रकम से खुला अवैध धंधे का राज जांच के दौरान पुलिस को होटल से बरामद डायरी और रजिस्टर में कई संदिग्ध प्रविष्टियां मिली हैं। डायरी में लड़कियों के नाम और उनसे संबंधित रकम का विवरण दर्ज पाया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक व्यक्ति से करीब सात सौ रुपये लिए जाते थे। इससे संकेत मिलता है कि होटल में देह व्यापार संचालित हो रहा था। पुलिस अब बैंक लेन-देन, मोबाइल कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है। होटल में लंबे समय से बाहरी लोगों का आना-जाना था। स्थानीय लोगों ने भी पहले संदेह जताया था, लेकिन ठोस प्रमाण के अभाव में कार्रवाई नहीं हो सकी थी। शनिवार की घटना के बाद जब पुलिस ने सख्ती दिखाई तो कई तथ्य सामने आए। होली पर घर जाने से पहले पुलिस के हत्थे चढ़ी युवतियां दोनों युवतियों को पहले वन स्टॉप सेंटर भेजा गया था, जहां महिला पुलिस और काउंसलर की मौजूदगी में पूछताछ की गई। बाद में कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें भी कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया। दोनों ही युवतियां होली पर घर जाने वाली थीं, उससे पहले पुलिस के हत्थे चढ़ गईं। पुलिस का कहना है कि यदि जांच में और नाम सामने आते हैं तो अतिरिक्त धाराएं बढ़ाई जाएंगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।