व्हाट्सएप कॉल वायरल होने पर सिपाही निलंबित, जांच के आदेश
Etawah-auraiya News - इटावा में वायरल हुई कथित व्हाट्सएप कॉल के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। थाना भरेह के सिपाही सर्वेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है। जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है, कॉल डिटेल और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। मामले में गंभीरता से तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

इटावा, संवाददाता। सोशल मीडिया पर वायरल हुई कथित व्हाट्सएप कॉल के बाद पुलिस विभाग में मचे हड़कंप के बीच अब पूरे मामले की जांच तेज कर दी गई है। शुरुआती कार्रवाई करते हुए थाना भरेह में तैनात सिपाही सर्वेश कुमार को निलंबित किया जा चुका है, वहीं अब जांच का दायरा बढ़ाते हुए कॉल डिटेल खंगाले जा रहे हैं और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक वायरल ऑडियो में जिस तरह से कथित तौर पर इंट्री और पैसों के लेन-देन की बात सामने आ रही है, उसे गंभीरता से लिया गया है। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि ऑडियो में मौजूद आवाजें किन-किन लोगों की हैं और क्या वास्तव में अवैध परिवहन को लेकर किसी तरह की मिलीभगत हुई थी।
इसके लिए तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, साथ ही संबंधित मोबाइल नंबरों की कॉल हिस्ट्री भी खंगाली जा रही है। एसपी ग्रामीण श्रीश चन्द्र ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है और दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। पूरे मामले की जांच सीओ सिटी करेंगे। गौरतलब है कि इस पूरे प्रकरण के सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर भी चर्चाओं का बाजार गर्म है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


