Hindi NewsUttar-pradesh NewsEtawah-auraiya NewsPolice Encounter with Criminals on Niwari-Ludhiyani Road History-Sheeter Injured and Arrested
इटावा में पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर पैर में गोली लगने से हुआ घायल, गिरफ्तार

इटावा में पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर पैर में गोली लगने से हुआ घायल, गिरफ्तार

संक्षेप:

Etawah-auraiya News - निवाड़ी कला-लुधियानी मार्ग पर रविवार देर रात पुलिस और कार सवार बदमाशों के बीच निवाड़ी कला-लुधियानी मार्ग पर रविवार देर रात पुलिस और कार सवार बदमाशों के बीच

Jan 12, 2026 06:45 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, इटावा औरैया
share Share
Follow Us on

निवाड़ी कला-लुधियानी मार्ग पर रविवार देर रात पुलिस और कार सवार बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कई राउंड की फायरिंग के बाद पुलिस की गोली लगने से एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश घायल हो गया, जिसे पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। वहीं, उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। पकड़े गए बदमाश के कब्जे से एक फैक्टरी मेड राइफल और कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल बदमाश की पहचान सिविल लाइन थाना क्षेत्र के हरचंदपुर गांव निवासी प्रवीण उर्फ मंगल उर्फ सुनील के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

प्रवीण सिविल लाइन थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ इटावा, औरैया, उन्नाव सहित उत्तर प्रदेश और हरियाणा के विभिन्न जनपदों में 20 से अधिक संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। घटना की जानकारी मिलते ही सीओ भरथना राम दवन मौर्य भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि रविवार रात थानाध्यक्ष विपिन कुमार मलिक पुलिस बल के साथ हाईवे पर गश्त करते हुए महेवा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सुनवर्षा गांव के पास एक संदिग्ध कार सवार बदमाशों ने अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया। पीछा करता देख बदमाश कार से सुनवर्षा से महेवा होते हुए निवाड़ी की ओर भागने लगे। पीछा करते हुए पुलिस की दो टीमों ने निवाड़ी-लुधियानी मार्ग पर बदमाशों को घेरने का प्रयास किया। गांव के सामने पहुंचने पर पुलिस ने कार रोकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश राइफल लेकर कार से उतरकर भागने लगा। इसी दौरान पुलिस की गोली उसके पैर में लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक फैक्ट्री मेड राइफल और छह कारतूस बरामद किए गए। वहीं दूसरा बदमाश मौके से भागने में सफल रहा। घटना के बाद पुलिस ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है और भागे हुए बदमाश की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बरामद राइफल की जांच की जा रही है। राइफल कहां से लाई गई और इसमें कौन-कौन शामिल है, इसकी जानकारी भागे हुए बदमाश की गिरफ्तारी के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।