इटावा में मुठभेड़ में गोली लगने से हिस्ट्रीशीटर घायल, 20 से अधिक दर्ज हैं मामले
Etawah-auraiya News - इटावा, संवाददाता। बकेवर थाना क्षेत्र के निवाड़ी कला-लुधियानी मार्ग पर रविवार देर रात कार
इटावा, संवाददाता। बकेवर थाना क्षेत्र के निवाड़ी कला-लुधियानी मार्ग पर रविवार देर रात कार सवार बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। कई राउंड की फायरिंग के बाद पुलिस की गोली लगने से एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश घायल हो गया, जिसे पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। पुलिस के अनुसार घायल बदमाश की पहचान सिविल लाइन थाना क्षेत्र के हरचंदपुर गांव निवासी प्रवीण उर्फ मंगल उर्फ सुनील के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद पुलिस उसे उपचार के लिए पहले सीएचसी लेकर पहुंची, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बताया गया है कि प्रवीण के खिलाफ इटावा, औरैया, उन्नाव सहित उत्तर प्रदेश और हरियाणा के विभिन्न जनपदों में 20 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। घटना की जानकारी मिलते ही सीओ भरथना राम दवन मौर्य भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि थानाध्यक्ष विपिन कुमार मलिक मय पुलिस फोर्स के साथ हाईवे पर गश्त करते हुए महेवा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सुनवर्षा गांव के पास एक कार सवार बदमाशों ने अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस ने बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया। पुलिस को पीछा करता देख बदमाश कार से सुनवर्षा से महेवा होते हुए निवाड़ी की ओर भागने लगे और निवाड़ी-लुधियानी मार्ग पर पहुंच गए। इसी दौरान पुलिस की दो टीमों ने बदमाशों को घेरने का प्रयास किया। गांव के सामने पहुंचने पर पुलिस ने कार रोकने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश राइफल लेकर कार से उतरकर भागने लगा, तभी पुलिस की गोली उसके पैर में लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक राइफल और कारतूस बरामद किए गए हैं। वहीं, दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। मौके से भागे बदमाश की तलाश के लिए क्षेत्र में सघन चेकिंग और दबिश दी जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




