इटावा में खनन मामले के वायरल वीडियो पर सिपाही निलंबित

Feb 28, 2026 10:39 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, इटावा औरैया
share

Etawah-auraiya News - इकदिल थाना क्षेत्र की चितभवन चौकी पर तैनात कांस्टेबल ललित कुमार का एक वायरल वीडियो विवादों में आ गया है। वीडियो में वह खनन से जुड़े लोगों से बातचीत करते हुए रिश्वत देने के प्रयास की बातें कर रहा है। SSP ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है और जांच सीओ सिटी को सौंप दी गई है।

इटावा में खनन मामले के वायरल वीडियो पर सिपाही निलंबित

इकदिल थाना क्षेत्र की चितभवन चौकी पर तैनात कांस्टेबल ललित कुमार से संबंधित वायरल वीडियो प्रकरण ने नया मोड़ ले लिया है। पहले मामले को सिपाही को जबरन रिश्वत देने के प्रयास से जोड़कर देखा जा रहा था, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सामने आए कथनों के बाद पुलिस विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच शुरू कर दी है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने कांस्टेबल ललित कुमार को निलंबित कर दिया है और जांच सीओ सिटी को सौंप दी गई है। वायरल वीडियो इकदिल थाना क्षेत्र की चितभवन चौकी का बताया जा रहा है।

वीडियो में कांस्टेबल ललित खनन से जुड़े लोगों से बातचीत करते हुए दिखाई दे रहा है। वायरल वीडियो में कहा जा रहा है कि खनन से संबंधित धनराशि थाने तक पहुंचाने का काम वही करता है और उसका इंस्पेक्टर से सीधा संपर्क है। वहीं चौकी इंचार्ज को पूरी तरह ईमानदार बताते हुए यह दावा भी किया जा रहा है कि उनका खनन और उससे होने वाली कथित वसूली से कोई संबंध नहीं है। वीडियो में कांस्टेबल ने रुपये लेकर खनन से जुड़े लोगों के प्रति सहानुभूति जताते हुए कहते हुए सुना जा सकता है कि उनका नुकसान करना होता तो ट्रैक्टरों को पकड़कर थाने या चौकी में बंद कर दिया जाता, लेकिन ऐसा नहीं किया गया और केवल खनन रुकवाने की कार्रवाई की गई। वीडियो में यह भी कहा गया कि पहले धनराशि लेने की शिकायत होने पर अधिकारियों के निर्देश पर पैसे वापस कर दिए गए थे। इसके अलावा वायरल वीडियो में कांस्टेबल ललित कथित रूप से यह कहते हुए भी सुनाई दे रहा है कि खनन कार्य जल्दी शुरू और जल्दी बंद कर लिया करें, क्योंकि उन्हें देर रात तक सड़क पर ड्यूटी करनी पड़ती है और सुबह फिर ड्यूटी पर आना होता है। इन बातों को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए कांस्टेबल ललित कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच सीओ सिटी को सौंपी गई है, जो सभी पहलुओं की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आवश्यक विधिक और विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।