इटावा में फंदे पर लटका मिला नवविवाहिता का शव, हत्या का आरोप

Feb 17, 2026 08:25 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, इटावा औरैया
share

Etawah-auraiya News - मड़ैया मुसवाली में एक नवविवाहिता गुंजन का शव कमरे में फांसी पर लटका मिला। परिवार ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित किया। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया। दोनों पक्षों में हंगामा और मारपीट हुई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इटावा में फंदे पर लटका मिला नवविवाहिता का शव, हत्या का आरोप

थाना क्षेत्र के गांव मड़ैया मुसवाली में मंगलवार सुबह एक नवविवाहिता का शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद मारपीट भी हो गई। मौके पर मौजूद पुलिस ने किसी तरह स्थिति को काबू में किया।

गांव मड़ैया मुसवाली निवासी पवन कुमार की 22 वर्षीय पत्नी गुंजन मंगलवार सुबह अपने कमरे में थी। परिवार के अनुसार, पवन कुमार खेत पर पानी लगाने गए थे। सास घर के बाहर भैंस को चारा-पानी कर रही थीं और जेठानी अपने कमरे में थी। इसी बीच घर में खेल रहा एक छोटा बच्चा गुंजन के कमरे के पास पहुंचा। दरवाजा खुला देख जब उसने अंदर झांका तो गुंजन को फंदे पर लटका देख घबरा गया और जोर-जोर से चीखने लगा। बच्चे की आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य दौड़ते हुए कमरे में पहुंचे। उन्होंने फंदे को काटकर गुंजन को नीचे उतारा। परिवार के लोग उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। गुंजन के पिता राकेश बाबू निवासी कचौरा घाट चित्राहाट आगरा ने बताया कि उन्होंने 29 अप्रैल 2025 को अपनी बेटी की शादी पवन कुमार के साथ की थी। आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में चार लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उनकी बेटी को प्रताड़ित किया जाता था। पिता का कहना है कि गुंजन पांच माह की गर्भवती थी और उसे मारपीट कर गला दबाकर हत्या की गई है। इसके बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया गया। मायके पक्ष के लोगों ने जिला अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और ससुराल पक्ष के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि बिना पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के सच्चाई सामने नहीं आएगी। इसी बीच जब शव को मोर्चरी से बाहर निकालने की बात चली तो दोनों पक्षों के बीच बहस तेज हो गई। देखते ही देखते कहासुनी धक्का-मुक्की में बदल गई और कुछ लोगों के बीच हाथापाई हो गई। अस्पताल में मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को अलग किया। कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और कमरे का निरीक्षण किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।