इटावा में नए साइबर थाने का एसएसपी ने किया भूमि पूजन
Etawah-auraiya News - जिले में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए नए साइबर थाने का निर्माण शुरू हुआ। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने भूमि पूजन किया। यह थाने पुराने पुलिस अस्पताल परिसर में बनेगा और इसमें आधुनिक सुविधाएं, प्रशिक्षित पुलिसकर्मी और तकनीकी विशेषज्ञ होंगे। निर्माण कार्य फरवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।

जिले में बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नए साइबर थाने के भवन निर्माण के लिए सोमवार एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने विधि-विधान के साथ भूमि पूजन किया। नए साइबर थाने के लिए पुराने पुलिस अस्पताल परिसर की जमीन को चिन्हित किया गया है। कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारियों, प्रशासनिक अफसर उपस्थित रहे। साइबर थाना पुलिस लाइन स्थित एसपी क्राइम कार्यालय वाली बिल्डिंग से संचालित हो रहा है। सीमित संसाधनों और स्थान के अभाव के कारण पुलिस को कई व्यावहारिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में अलग और आधुनिक सुविधाओं से लैस भवन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
भूमि पूजन के साथ ही निर्माण कार्य को औपचारिक रूप से गति देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल सेंटर, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, डिजिटल पेमेंट फ्रॉड और बैंकिंग धोखाधड़ी जैसे मामलों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कई बार पीड़ितों को त्वरित सहायता और तकनीकी जांच की आवश्यकता होती है, जिसके लिए विशेषज्ञ टीम और आधुनिक उपकरण जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि अलग साइबर थाना बनने से इन मामलों की जांच और निस्तारण में तेजी आएगी। एसएसपी ने बताया कि नए साइबर थाने में प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों के साथ-साथ तकनीकी विशेषज्ञों की तैनाती की जाएगी। डिजिटल फॉरेंसिक जांच, डाटा विश्लेषण और साइबर ट्रैकिंग के लिए आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। निर्माण कार्य यूपी राजकीय निर्माण निगम सेरडिक्ट-2 कराएगा। साइबर थाने के भवन निर्माण पर कुल 3 करोड़ 53 लाख 37 हजार रुपये की लागत आएगी। भवन को आधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा, जिसमें शिकायत काउंटर, तकनीकी लैब, जांच कक्ष, सर्वर रूम और प्रशिक्षण कक्ष जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। निर्माण कार्य फरवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



