Etawah Auraiya News: लोक अदालत में 12 जोड़ों की कराई गई एक साथ विदाई
Etawah Auraiya News: इटावा में विधिक सेवा प्राधिकरण ने राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया, जिसमें एक लाख 254 मामलों का निस्तारण किया गया। 31 वैवाहिक मामलों का निपटारा किया गया और 12 जोड़ों की विदाई कराई गई। न्यायाधीश रजत सिंह जैन ने दीप प्रज्वलित करके अदालत का उद्घाटन किया। प्री-लिटिगेशन मामलों में 14 करोड़ से अधिक वसूले गए।

Etawah Auraiya News: इटावा। विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जजी परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इसमें कुल मिलाकर 1 लाख 254 मामलों का निस्तारण किया गया । इसमें वैवाहिक वादों की सुनवाई भी की गई। कुल 31 वैवाहिक प्रकरणों का निस्तारण किया गया और 12 जोड़ों की एक साथ विदाई कराई गई। शनिवार को सुबह जनपद न्यायाधीश रजत सिंह जैन दीप प्रज्वलित करके राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ किया। इसमें न्यायाधीशों ने मामले सुने और उनका निस्तारण किया। जनपद न्यायाधीश रजत सिंह जैन ने 7, अपर जनपद न्यायाधीश प्रथम अखिलेश कुमार ने 8, विशेष न्यायाधीश एससीएसटी संजय कुमार चतुर्थ ने 6, विशेष न्यायाधीश आलोक कुमार श्रीवास्तव ने 3 तथा विशेष न्यायाधीश ईसी एक्ट अंकुर शर्मा ने 505 वादों का निस्तारण किया।
प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय ललित नारायण झा व अतिरिक्त न्यायाधीश, परिवार न्यायालय सुबोध ने कुल 31 वैवाहिक प्रकरणों का निस्तारण किया। कुल 12 जोडो की एक साथ विदाई कराई गई। पीठासीन अधिकारी एमएसीटी रामचन्द्र यादव प्रथम ने 154 वादों का निस्तारण किया। पीठासीन अधिकारी, उपभोक्ता न्यायालय गुलाब सिंह ने कुल 11 वाद व अध्यक्ष स्थाई लोक अदालत में देवेन्द्र सिंह ने 3 वाद का निस्तारण किया गया।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव आरती द्विवेदी ने बताया कि राष्ट्रीय लोक आदलत में न्यायिक अधिकारियों के अतिरिक्त विभिन्न विभागों व बैंको से सम्बन्धित प्री लिटिगेशन के 95,370 वाद निस्तारित किए गए। इनमें 14,28,13,638 रुपए वसूल किए गए। प्री लिटिगेशन और लम्बित वादों का निस्तारण करते हुए सकल रूप से 25,47,85,755 रुपए वसूल किए गए।


