
इटावा में महिला की मौत के बाद दर्ज हुई रिपोर्ट, परिजन निष्पक्ष जांच पर अड़े
Etawah-auraiya News - एसएसपी आवास पर शव के साथ पहुंचे परिजनों ने रंजिशन हत्या का मामला बताया। अनीता देवी की मौत के बाद बेटे अंकुश की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी रवि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने शुरू में इसे सड़क हादसा बताने का प्रयास किया, जबकि घटना के पीछे पुरानी रंजिश थी।
एसएसपी आवास पर शव लेकर पहुंचने के बाद पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हालांकि, परिजन इसे महज औपचारिक कार्रवाई बताते हुए इसे रंजिशन हत्या का मामला मान रहे हैं और निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़े हुए हैं। भरथना थाना क्षेत्र के भैसाई गांव निवासी 50 वर्षीय अनीता देवी की मौत के बाद बेटे अंकुश की तहरीर पर पुलिस ने औरैया के थाना दिबियापुर के गांव हरी सिंह की मड़ैया निवासी रवि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। उसमें बताया गया है कि एक दिसंबर की शाम अनीता देवी ऑटो से घर लौट रही थीं। जैसे ही वह भैसाई गेट बिधूना रोड पर ऑटो से उतरकर पैदल गांव की ओर बढ़ीं, आरोपी ने स्टंटबाजी करते हुए गलत साइड से आकर टक्कर मार दी।
वहीं, परिजनों का कहना है कि पुलिस ने शुरुआत में इसे सड़क हादसा बताकर मामले को दबाने का प्रयास किया, जबकि घटना के पीछे पुरानी रंजिश थी। मृतका के बेटे अंकुश ने बताया कि घटना से एक दिन पहले कार चालक रवि से कहासुनी हुई थी, जिसको लेकर आरोपी ने बदला लेने की नीयत से कार से टक्कर मारी। पांच दिन तक चले इलाज के दौरान रविवार रात करीब दो बजे अनीता देवी ने दम तोड़ दिया। वहीं परिजनों का कहना है कि यदि यह हादसा था तो घटना से पहले हुई कहासुनी और आरोपी की धमकियों को कैसे नजर अंदाज किया जा सकता है। पुलिस अब भी मामले को दुर्घटना की दिशा में मोड़ने का प्रयास कर रही है, जबकि यह पूरी तरह रंजिशन किया गया हमला है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




