इटावा में व्हाट्सएप स्टेटस के बाद लापता हुआ युवक देर रात में मिला
जालौन के निवासी युवक राघवेंद्र सेंगर इटावा में लापता हो गए थे। उन्होंने व्हाट्सएप स्टेटस पर भावुक संदेश और एक वीडियो शेयर किया था, जिससे परिजनों में चिंता बढ़ गई। पुलिस ने रातभर तलाश की और CCTV फुटेज की मदद से युवक को सुरक्षित पाया। वह मानसिक तनाव में था और परिजन उसे वापस जालौन ले गए।

व्हाट्सएप स्टेटस पर भावुक संदेश और आत्महत्या से जुड़ी बात लिखकर लापता हुआ जालौन निवासी युवक देर रात इटावा शहर में सकुशल मिल गया। युवक के परिजन उसे अपने साथ जालौन ले गए। पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस रातभर उसकी तलाश में जुटी रही और अस्पताल से लेकर आसपास के इलाकों तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जालौन के थाना रामपुरा क्षेत्र के भिटौरा गांव निवासी राघवेंद्र सेंगर सोमवार को दहेज उत्पीड़न के मुकदमे के सिलसिले में इटावा अपने अधिवक्ता से मिलने आया था। परिजनों के अनुसार वह पिछले कुछ समय से मुकदमे को लेकर मानसिक तनाव में था।
अधिवक्ता से मुलाकात के बाद वह वापस लौटते समय बकेवर कस्बे के लखना रोड स्थित 50 शैया अस्पताल परिसर पहुंचा। शाम करीब साढ़े चार बजे उसने ओपीडी गेट के पास अपनी बाइक खड़ी की, हेलमेट टांगा और वहीं अपनी एक फोटो ली। इसके बाद उसने अपने मोबाइल फोन से दो पेज का एक भावुक नोट और रोते हुए एक वीडियो बनाकर व्हाट्सएप स्टेटस पर अपलोड कर दिया। स्टेटस में उसने अपनी वैवाहिक जीवन की परेशानियों का जिक्र करते हुए परिवार के प्रति भावुक शब्द लिखे। स्टेटस देखने के बाद परिजन घबरा गए और अस्पताल पहुंचे। वहां बाइक खड़ी मिली, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चला। इससे आशंका और गहरा गई। युवक की शादी 18 फरवरी 2025 को लवेदी थाना क्षेत्र के नबादा गांव निवासी आराधना के साथ हुई थी। परिजनों का कहना है कि विवाह के कुछ दिन बाद ही पत्नी मायके चली गई और बाद में दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज करा दिया। इसी मामले को लेकर राघवेंद्र तनाव में चल रहा था। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। सूचना मिलते ही थाना बकेवर पुलिस मौके पर पहुंची। अस्पताल परिसर और बाहर सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में भी युवक की तलाश शुरू की। उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ था, जिससे चिंता और बढ़ गई। रात होते-होते परिजनों और गांव वालों की भीड़ अस्पताल परिसर में जुट गई थी। थानाध्यक्ष विपिन मलिक ने बताया कि सूचना मिलने के बाद खोजबीन शुरू कर दी गई थी। पुलिस टीमों को विभिन्न संभावित स्थानों पर लगाया गया था। सीसीटीवी फुटेज में युवक को अस्पताल से बाहर जाते हुए देखा गया, लेकिन इसके बाद उसकी गतिविधियों का स्पष्ट सुराग नहीं मिल पा रहा था। देर रात अचानक युवक का मोबाइल फोन चालू हुआ। परिजनों ने संपर्क किया तो उसने बताया कि वह इटावा शहर में है। इसके बाद परिवार के लोग तुरंत इटावा पहुंचे और बस स्टैंड के पास उसे सकुशल पा लिया। परिजन उसे साथ लेकर जालौन लौट गए। पुलिस को उसके सकुशल मिलने की सूचना दे दी गई।


