कंपनी के नाम पर नकली यूरिया बेचने वाले तीन गिरफ्तार
Etawah-auraiya News - क्षेत्र में नकली यूरिया बेचने का बड़ा रैकेट पकड़ा गया है। पुलिस ने तीन स्थानों पर छापेमारी कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया और भारी मात्रा में नकली सामग्री बरामद की। आरोपी बीएस-6 वाहनों के लिए डीजल एग्जॉस्ट फ्लूइड को नकली रूप में बेच रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

क्षेत्र में कंपनी के नाम से नकली यूरिया बेचने के बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है। पुलिस ने तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान भारी मात्रा में नकली सामग्री बरामद की गई, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के भी खुलासे होने की संभावना है। पुलिस के अनुसार आरोपी बीएस-6 वाहनों में उपयोग होने वाले डीजल एग्जॉस्ट फ्लूइड को एक कंपनी के नाम से नकली रूप में तैयार कर बाजार में बेच रहे थे। छापेमारी के दौरान लगभग 35 बाल्टियों में भरा नकली यूरिया, 100 से अधिक खाली बाल्टियां, कंपनी के नकली स्टीकर, ढक्कन और अन्य उपकरण बरामद किए गए।
अवैध कारोबार ग्वालियर बाईपास स्थित यूरिया पंप पिलखर के पास व आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे किनारे दीप पैलेस फुफई के पास एक दुकान में संचालित किया जा रहा था। कार्रवाई टाटा कंपनी की सहायक इकाई प्रोटेक्ट आईपी इंडिया गुरुग्राम के इन्वेस्टिगेशन अधिकारी टीएन झा की शिकायत पर की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपी कंपनी के नाम और लोगो का दुरुपयोग कर नकली उत्पाद तैयार कर रहे थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों को नकली माल के साथ गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त थे। प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


