बटेश्वर दर्शन को जा रहे श्रद्धालुओं का लोडर पलटा, 20 घायल
जसवंतनगर में बटेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरा लोडर सिरसा गांव के पास अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गया। इस हादसे में करीब 20 लोग घायल हुए, जिनमें से 5 की हालत गंभीर है। सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। ग्रामीणों ने राहत कार्य में मदद की।

जसवंतनगर, संवाददाता। बटेश्वर मंदिर में दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरा एक लोडर शुक्रवार दोपहर कचौरा घाट मार्ग पर सिरसा गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे में करीब 20 लोग घायल हो गए, जिनमें पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। महेवा अहेरीपुर से नया लोडर लेकर श्रद्धालु बटेश्वर मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए जा रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे सिरसा गांव के पास अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और लोडर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद पलटे लोडर को सीधा कराया और घायलों को बाहर निकाला। हादसे में चालक दीपू, रविंद्र कुमार, कांति देवी और ओमजी समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य को हल्की चोटें आईं। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक ग्रामीण और एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल भेज चुके थे। चालक दीपू ने पुलिस को बताया कि वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। पुलिस के अनुसार लोडर में महिलाएं, पुरुष और बच्चे समेत करीब 20 लोग सवार थे, जो बटेश्वर दर्शन के लिए जा रहे थे।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


