आकाशीय बिजली गिरने से ढही दीवार, मां बेटे गंभीर रूप से घायल
Etawah-auraiya News - गांव बाहरपुर में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक निर्माणाधीन दीवार पड़ोसी के आंगन में गिर गई, जिससे मां और बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इकदिल क्षेत्र में आंधी और बारिश के कारण बिजली पोल भी टूट गए, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।

भरथना। गांव बाहरपुर में मंगलवार की देर शाम करीब साढ़े पांच बजे एक मकान पर आकाशीय बिजली गिरने से गांव के दूसरी मंजिल की निर्माणाधीन दीवार पड़ोसी के आंगन में जा गिरी। जिससे आंगन में मौजूद मां बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से घायल मां बेटे को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। क्षेत्र के गांव बाहरपुर निवासी पूनम पत्नी स्वर्गीय अभिषेक कुमार ने बताया कि वह अपने 8 वर्षीय बेटे ऋतिक के साथ घर के आंगन में खाना बना रही थी। तभी पड़ोसी कैलाश चंद्र की घर के दूसरे मंजिल पर निर्माणाधीन दीवार अचानक तेज आवाज के साथ भरभरा कर आंगन में आ गिरी।
जिससे वह और उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। मां बेटे की चीख पुकार सुन पड़ोसी घर के अंदर दौड़ पड़े और मलबे में फंसे मां बेटे को बाहर निकाल कर आनन फानन में उपचार के लिए कस्बा के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि देर शाम करीब 5:30 बजे तेज गरज के साथ अचानक बारिश शुरू हुई आंधी और बारिश के दौरान ही बिजली गिरने से दीवार गिरी है। जिससे हादसा हुआ है। ग्रामीणों ने पीड़ित को मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है। तहसीलदार दिलीप कुमार ने बताया कि मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। राजस्व टीम को जांच सौंपी गई है। पीड़ित को मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।इकदिल क्षेत्र में तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। मंगलवार शाम को तेज हवाओं के कारण गांव बरेला के पास दो बिजली पोल क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे आसपास के कई गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। आंधी की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पोल टूटकर गिर गए, जिसके चलते पूरे क्षेत्र में अंधेरा छा गया और लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और आपूर्ति बहाल करने के प्रयास में जुट गई।जसवंतनगर के नगर के मोहल्ला कटरा बुलाकी दास में मंगलवार शाम तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। बिजली सीधे एक मोबाइल कंपनी के टावर पर गिरी। इससे आसपास के कई घरों में लगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर खराब हो गए, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासी भगवान दास, अवनीत, सनी, अशोक, सुशांक, रामचंद गुप्ता और ओमी आदि ने बताया कि एक साथ कई घरों में उपकरण खराब हो गए हैं। इससे भारी नुकसान हुआ है। टावर की मशीनरी भी क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क प्रभावित होने की आशंका है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


