चकरपुर में तेंदुआ, बकरी पर हमले की कोशिश
चकरनगर के गांव चकरपुर में शनिवार रात एक तेंदुआ ने बकरी पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों के शोर मचाने से वह भाग गया। गांव में बिजली की कमी के कारण रात का अंधेरा तेंदुए और अन्य जंगली जानवरों के लिए प्रवेश का रास्ता बनता है। यह दूसरी बार है जब तेंदुआ ने गांव में आकर बकरी पर हमला करने की कोशिश की।

चकरनगर। बीहड़ी क्षेत्र के थाना भरेह के गांव चकरपुर में शनिवार की रात तेंदुआ आ जाने से दहशत फैल गई। इस तेंदुआ ने एक बकरी पर हमला करने की कोशिश की थी लेकिन ग्रामीणों के शोर मचाने के चलते यह तेंदुआ किसी तरह वापस चला गया। रात में बिजली न रहने के कारण अंधेरा छाया रहता है। तेंदुआ व अन्य जंगली जानवर इसका फायदा उठाकर गांव में प्रवेश कर जाते हैं और पालतू जानवरों पर हमला भी करते हैं। शनिवार की रात करीब 8:30 बजे जब लोग अपने घरों में थे उसी समय तेंदुआ गांव की ओर आया। गांव के बाहर पहला मकान श्यामू सिंह का है जिनके दरवाजे पर बकरी बंधी रहती है।
तेंदुआ इस बकरी पर हमला करता इससे पहले ही घर की एक किशोरी ने उसे देख लिया और जोर-जोर से चिल्लाने लगी। अन्य लोगों के भी शोर मचाने और उधर पहुंचने से तेंदुआ कुछ कदम पीछे तो चला लेकिन एक बार फिर उसने दोबारा आगे बढ़कर बकरी पर हमला करने की कोशिश की। लेकिन तब तक गांव में शोर हो गया और राज भदोरिया व कुछ अन्य युवक हाथों में लाठी डंडा लेकर शोर मचाते हुए पहुंचे तो तेंदुआ चला गया। गांव वालों का कहना है कि इतने शोरगुल के बाद भी तेंदुआ बड़े आराम से जंगल की ओर गया वह बिल्कुल नहीं भागा। गांव वालों का कहना है कि एक सप्ताह पहले भी तेंदुआ गांव में आया था और बकरियों के नजदीक पहुंच गया था लेकिन उस समय गांव के ही बृजेश राठौर के देख लेने और शोर मचा देने से तेंदुआ चला गया था। एक सप्ताह में यह लगातार दूसरी बार है जब तेंदुआ ने गांव में प्रवेश करके बकरी पर हमला करने की कोशिश की है।गांव वालों का कहना है कि बिजली व्यवस्था बेहद खराब है रात में गांव में बिजली रहती नहीं है और यह गांव जंगल के बिल्कुल करीब है जिसके कारण जंगली जानवर यहां आ जाते हैं। अंधेरे के कारण लोग देख नहीं पाते और ये पालतू जानवरों पर हमला बोल देते हैं। कई बार गुहार लगाने के बावजूद इस क्षेत्र में रात में बिजली मुश्किल से एक-दो घंटे के लिए ही मिलती है और अंधेरे का फायदा यह तेंदुआ, लकड़बग्घा जैसे जंगली जानवर उठाते हैं।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


