
इटावा में त्रिदिवसीय जैन धार्मिक उत्सव से गुंजायमान होगा नगर
Etawah-auraiya News - जैन समुदाय इस वर्ष भगवान पार्श्वनाथ और भगवान चंद्रप्रभु के जन्म तप कल्याणक महोत्सव को लेकर बेहद उत्साहित है। 13 से 15 दिसंबर तक चलने वाले इस त्रिदिवसीय कार्यक्रम में विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी। विशेष रूप से 15 दिसंबर को शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो नगर में शांति और धर्म का संदेश फैलाएगी।
जैन समुदाय द्वारा इस वर्ष भगवान पार्श्वनाथ व भगवान चंद्रप्रभु के जन्म तप कल्याणक महोत्सव को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। 13 से 15 दिसंबर तक चलने वाले त्रिदिवसीय भव्य कार्यक्रमों से पूरा नगर भक्ति, श्रद्धा और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहेगा। आयोजन स्थल पर तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। समाज के वरिष्ठजन, युवा महिलाएँ पूरे उत्साह से व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं। कार्यक्रमों की शुरुआत 13 को प्रातःकाल मंगलाचरण व स्वस्ति-वाचन के साथ होगी। इसके बाद श्रीजी का अभिषेक एवं शांतिधारा पश्चात विधान संपन्न कराया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए सुबह का यह धार्मिक अनुष्ठान विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

दोपहर पश्चात मंदिर परिसर में विविध धार्मिक व सांस्कृतिक गतिविधियाँ तय की गई हैं। शाम को भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें भक्ति नृत्य, जैन गौरव गान और धार्मिक नाट्य प्रस्तुतियाँ होंगी। सांस्कृतिक प्रस्तुति के उपरांत नवीन रथ की बोलियाँ बोली जाएँगी। साथ ही प्राचीन रथ पर पारंपरिक रूप से कुबेर इंद्र, भगवान के सारथी, भगवान के माता-पिता, सौधर्म इंद्र सहित विभिन्न चरित्रों की बोलियाँ होंगी आयोजन समिति के अनुसार भक्तों में इन बोलियों को लेकर विशेष उत्साह है। 14 को प्रातःकाल पुनः श्रीजी का अभिषेक एवं शांतिधारा विधान सम्पन्न होगा। इसके उपरांत नवीन रथ की शुद्धि का विशेष कार्यक्रम रखा गया है। रथ सज्जा में विशेष प्रकार के पुष्प, तोरण, ध्वजाएँ और धार्मिक चिन्हों का उपयोग किया जाएगा। समाजजन इस दिन को रथ-निर्माण और रथ-शोभा से जुड़ी परंपराओं के कारण अत्यंत महत्वपूर्ण मानते हैं। भक्तों के अधिकतम उत्साह व आकर्षण का केंद्र 15 दिसंबर रहेगा, जब श्रीजी की भव्य जन्मोत्सव शोभायात्रा नगर के श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर से निकाली जाएगी। शोभायात्रा में सुशोभित रथ, आकर्षक झाँकियाँ, विभिन्न सांस्कृतिक दल, महिलाओं की कलश-यात्रा, पुराण कथाओं पर आधारित जीवंत दृश्य वं वाद्य यंत्रों की मधुर ध्वनि विशेष रूप से देखने को मिलेगी। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्रद्धालुओं को दर्शन देगी और नगर में शांति, अहिंसा और धर्म का संदेश प्रसारित करेगी। बड़े पैमाने पर सुरक्षा तथा यातायात प्रबंधन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


