
इटावा में सर्दी बढ़ी तो बच्चों को सताने लगा निमोनिया, डेंगू के निकले पाजिटिव
संक्षेप: Etawah-auraiya News - सुबह और शाम की सर्दी के साथ बच्चों में निमोनिया के मामले बढ़ रहे हैं। अस्पतालों में मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है, जहां एक दर्जन से अधिक बच्चे रोजाना इलाज के लिए आ रहे हैं। डॉक्टर खानपान और ठंड से बचाव के उपायों की सलाह दे रहे हैं। बुजुर्ग भी अस्थमा और एलर्जी से परेशान हैं।
सुबह और शाम की सर्दी बढ़ने के साथ ही जहां बच्चों को निमोनिया सताने लगा है वहीं बुजुर्ग लोग अस्थमा और एलर्जी से परेशान है। अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या भी बढ़ने लगी है। रोजाना निमोनिया के एक दर्जन से अधिक बच्चे इलाज के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं। ओपीडी में दवा देने के साथ ही डाक्टर बच्चों को खानपान के साथ ठंड से बचाने की सलाह भी दे रहे हैं। वैसे तो जिला पुरुष अस्पताल की ओपीडी में सोमवार से बुधवार तक ही मरीजों की ज्यादा भीड़ रहती थी लेकिन जैसे-जैसे सर्दी बढ़ रही है मरीजों की संख्या में भी बढ़ोतरी होने लगी है।

शुक्रवार को 970 नए मरीजों ने अपना पर्चा बनवाया जब कि 250 से अधिक पुराने पर्चे पर परामर्श लेने पहुंचे। तापमान में गिरावट के साथ ही बच्चे कोल्ड निमोनिया की चपेट में आने लगे हैं। अस्पताल में बीमारियों से ग्रसित बुजुर्ग और बच्चों की भीड़ देखी जा रही है। ओपीडी में बाल रोग विशेषज्ञ के पास 130 बच्चे इलाज के लिए पहुंचे, इनमें से 50 से बच्चे कोल्ड डायरिया व निमोनिया के लक्षण बाले थे। इनमें से 30 बच्चे पांच वर्ष से कम उम्र के रहे। वहीं जनरल फिजीशियन के पास 430 से अधिक मरीज वायरल फीवर के साथ अस्थमा, सर्दी-जुकाम और एलर्जी के पहुंचे थे। चेस्ट फिजिशियन के पास भी सांस के मरीजों की संख्या अधिक रही। बाल रोग विशेषज्ञ डा. पीके यादव ने बताया कि सर्दी बढ़ने के साथ ही निमोनिया के मरीजों की संख्या बढ़ रही है वही कोल्ड डायरिया के लक्षण वाले बच्चे भी काफी आ रहे हैं। सुबह और शाम मौसम में ठंडक अधिक रहती है लेकिन दोपहर में भीछोटे बच्चों का ध्यान रखने की काफी जरूरत है। बच्चों को ठंडी चीजों का सेवन न करने दें और साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखें। नवजात शिशु देखने में बीमार लगे, दूध न पिए, सांस लेने में दिक्कत हो, सुस्त हो, रोए या बुखार हो तो उसे निमोनिया हो सकता है। निमोनिया से बचाव के लिए छोटे बच्चों को संक्रमित व्यक्ति से दूर रखें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




