किसी पर जबरन रंग ना डालें, मानक के अनुरुप बजाएं डीजे
Etawah-auraiya News - होली के त्यौहार को शांति और सुरक्षा के साथ मनाने के लिए जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने कस्बे में पुलिस बल के साथ भ्रमण किया। अधिकारियों ने संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया, दुकानदारों को अतिक्रमण से बचने की चेतावनी दी और नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की।

होली के त्यौहार को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने शनिवार को पुलिस बल के साथ कस्बे में पैदल भ्रमण किया अधिकारियों ने प्रमुख बाजारों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा आमजन से शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील की। डीएम-एसएसपी ने पुलिस बल के साथ सरोजनी रोड, सब्जी मंडी, बालूगंज सहित मुख्य मार्गों से गुजरा। इस दौरान अधिकारियों ने सब्जी मंडी क्षेत्र में अतिक्रमण कर दुकानें लगाए बैठे कुछ व्यापारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि त्यौहार के दौरान मार्ग अवरुद्ध न हों और आवागमन सुचारु रहे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात में बाधा उत्पन्न ना की जाए। वहीं दुकानदारों द्वारा सब्जी मंडी में बाहर तक फैली हुई दुकानों को देख चिंताजाहिर की। साथ ही दुकानदारों से कहा कि यदि कभी भी आग लगने जैसी कोई घटना हुई तो स्थिति बेहद चिंताजनक होगी। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। साथ ही समाज में किसी भी प्रकार की अराजकता ना फैलाएं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। डीजे की आवाज मानक से अधिक न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। हुड़दंग, जबरन रंग लगाने या सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। इस मौके पर पुलिस क्षेत्राधिकारी आर डी मौर्य ने कहा कि होली के पर्व को लेकर क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार गश्त की जा रही है।अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि होली आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का पर्व है। इसे शांति और मर्यादा के साथ मनाएं, महिलाओं व बुजुर्गों का सम्मान करें तथा यातायात नियमों का पालन करें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस-प्रशासन तत्पर रहेगा। थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह, अपराध निरीक्षक अरिमर्दन सिंह, कस्बा इंचार्ज तनमय चौधरी, थाना उपनिरीक्षक इदु हसन, ब्रजनंदन सिंह, गीता देवी समेत भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


