भरथना। हिन्दुस्तान संवाद
जरूरतमंदों की पीडा को महसूस कर उसकी हरसम्भव मदद करना ही सबसे बडी समाजसेवा व पुण्य का कार्य है। समाजहित के ऐसे कार्यों के लिए प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को आगे आना चाहिए। इन प्रयासों से पात्र व्यक्ति लाभान्वित हो सकेंगे। यह बात एसडीएम नम्रता सिंह ने कही।
सिन्धी कालोनी स्थित पंचवटी में निराश्रितों को सर्दी से राहत दिलाने के लिए आयोजित कम्बल व ऊनी वस्त्र वितरण के दौरान उन्होने कहा कि जरुरतमंदों की सेवा के लिए हम सभी को प्रयास करना चाहिए। उन्होने पूर्व राज्यमंत्री अशोक यादव, भावना सिंह, डा. आईपी पांडेय, सुधा पाण्डेय व नीरजा पाण्डेय के साथ कम्बल वितरण किया। पूर्व राज्यमंत्री अशोक यादव ने कहा कि ईश्वर को पूजने का सबसे सच्चा माध्यम गरीबों की मदद करना है। इससे पहले कार्यक्रम का शुभारम्भ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलित करके किया। शिक्षक निधि श्रीवास्तव ने सत्यम् शिवम् सुन्दरम गीत गाया। कम्बल वितरण के होली प्वाइण्ट एकेडमी व पेरामाउण्ट थियोसोफिकल स्कूल के छात्र छात्राओं द्वारा अपने मोहल्लों में चिन्हित किये गये एक सैकडा से अधिक निराश्रितों को अतिथियों द्वारा माल्यार्पण कर कम्बल व ऊनी वस्त्र वितरित किये गये। संयोजक प्रदीप चन्द्र पाण्डेय, प्रधानाचार्य दीया बनर्जी, अनिल श्रीवास्तव, गिरधारी लाल सिन्धी, राखी मिश्रा, अरूण मोटवानी, डा. दीपक दुबे, अमित श्रीवास्तव, प्रतिभा त्रिपाठी, सीके शुक्ला, सभासद मुनुआ यादव, सुबोध दीक्षित, अनुराग दीक्षित, निशान्त पोरवाल मौजूद रहे। संचालन निशी पाण्डेय ने किया।