
इटावा में पीतांबरा महायज्ञ के लिए किया गया कलश का वितरण
संक्षेप: Etawah-auraiya News - इटावा में 7 से 19 नवंबर तक हिंदू हॉस्टल के रामलीला रोड पर 1108 कुंडली महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। यज्ञाधीश रामदास महाराज ने नगरवासियों से संपर्क कर कलश वितरण किया। यज्ञ की महिमा बताते हुए उन्होंने कहा कि यह केवल अग्नि में आहुति नहीं है, बल्कि मानवता के लिए चेतना का पुनर्जागरण है।
इटावा, संवाददाता । शहर के रामलीला रोड स्थित हिंदू हॉस्टल में 7 से 19 नवंबर तक चतुर्विध विश्व कल्याणात्मक 1108 कुंडली भव्य मृत्युंजय मां पीतांबरा महायज्ञ आयोजित होगा। महायज्ञ को लेकर जहां कार्यक्रम स्थल पर जोर-जोर के साथ तैयारी चल रही है। कार्यक्रम के यज्ञाधीश रामदास महाराज गुरु जी लगातार नगर वासियों से संपर्क कर यात्रा के लिए कलश का वितरण कर रहे हैं। मंगलवार को पुरबिया टोला में पवन वर्मा के आवास पर रामदास महाराज का भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर महिलाओं को कलश भी वितरित किए गए। इस बीच रामदास महाराज ने यज्ञ की महिमा बताते हुए कहा यज्ञ केवल अग्नि में घृताहुति का कर्म नहीं, वरन् वह विराट् सृष्टि-संवाद है जहां मानव अपनी सीमित सत्ता को अनन्त के प्रति समर्पित करता है।

यह यज्ञ किसी अनुष्ठान मात्र की पुनरावृत्ति नहीं, बल्कि उस अनादि वैदिक चेतना का पुनर्जागरण है, जो समष्टि के केंद्र में स्थित है। उन्होंने कहा कि मां पीतांबरा राजराजेश्वरी बगलामुखी वह शक्ति हैं जो “स्तम्भन” की अधिष्ठात्री हैं। यज्ञ मृत्यु का भय हरता है, क्योंकि यह मृत्यु से परे स्थित चेतना को जगाता है। जब आहुति अग्नि में समर्पित होती है, तब वह केवल लकड़ी नहीं जलाती वह भीतर के अहं, मोह, और संशय को दग्ध करती है। पवन वर्मा ने अपने परिवारीजनों के साथ रामदास महाराज का आरती पूजन कर स्वागत किया। नमिता तिवारी, आशुतोष त्रिवेदी, सलिल वर्मा, राजेश वर्मा, विनय वर्मा, अंबुज दीक्षित, अवनींद्रन मोहन मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




