
इटावा में हथियारों से लैस प्रधान गिरोह ने जिम में बोला हमला, तीन गंभीर
संक्षेप: Etawah-auraiya News - -सीसीटीवी में कैद गुंडागर्दी, पूर्व प्रधान के बेटों पर हुआ खूनी हमला, इलाके में दहशत
इटावा, संवाददाता। उदी मोड़ बाह रोड पर खुले नए जिम में शनिवार शाम हुए इस हमले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। ग्राम खेड़ा अजब सिंह के वर्तमान प्रधान ने अपने दर्जनों साथियों के साथ मिलकर पूर्व प्रधान के बेटों और उनके साथियों पर घातक हमला कर दिया। हमलावर खुलेआम तमंचा, लोहे की रॉड, डंडे और कुल्हाड़ी जैसे घातक हथियार लेकर जिम में घुसे और मारपीट के दौरान बेखौफ होकर गोली भी चला दी। पूरी वारदात पास ही लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पूर्व प्रधान राजेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके बेटे अंकित सिंह और विपिन सिंह और उनके साथी उत्तम सिंह निवासी नगला भवानीदास और अंकित पोरवार मिलकर उदी मोड़ बाह रोड पर जिम संचालित कर रहे हैं।

शनिवार शाम करीब 06.30 बजे जिम में काम चल रहा था। अचानक सड़क की तरफ से दो चारपहिया वाहन और कुछ बाइक पर सवार लगभग एक दर्जन से ज्यादा लोग तेज रफ्तार में जिम की ओर आते दिखाई दिए। वाहन रुकने के तुरंत बाद ही दर्जनों लोग शोर मचाते हुए जिम की ओर लपके और बिना किसी बातचीत के गाली गलौज शुरू कर दी। जिम में मौजूद लोगों ने जब उन्हें शांत करने का प्रयास किया तो स्थिति और भड़क गई। प्रधान गब्बर सिंह के अलावा ध्रुव सिंह, बंटू, सुधीर, रोहित, उदी मोड़ के राहुल, शालू, शानू, राहुल विधौलिया और लगभग दस अज्ञात हमलावर हथियारों से लैस थे। किसी के हाथ में तमंचा था तो किसी के पास लोहे की रॉड, कुल्हाड़ी और मजबूत डंडे थे। गाली देने से मना करने पर हमलावरों ने जिम के अंदर मौजूद अंकित सिंह, विपिन सिंह और उत्तम सिंह पर हमला बोल दिया। गब्बर सिंह ने तमंचा तानकर सामने फायर किया, जिससे जिम में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए चारों ओर भागने लगे। मारपीट में उत्तम सिंह को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। हमलावरों ने उसके सिर पर लोहे की रॉड से कई वार किए। विपिन सिंह का हाथ दो जगह से टूट गया है और अंकित सिंह के सिर सहित शरीर पर गंभीर घाव आए हैं। तीनों को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में फिलहाल उत्तम सिंह की हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टर लगातार निगरानी में रखे हुए हैं। हमले की आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदारों ने अपने शटर तुरंत गिरा दिए। राह से गुजर रहे लोग भी तेजी से अपनी गाड़ियों का रुख मोड़कर वहां से निकल गए। सीओ आयुषी सिंह ने बताया सीसीटीवी फुटेज और तहरीर के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मुकेश उर्फ गब्बर सिंह, ध्रुव सिंह, राहुल यादव और सुधीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। इनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




