सैफई। हिन्दुस्तान संवाद
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सैफई स्थित आवास पर नये साल के पहले दिन समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव से बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता शुभकामनाएं देने पहुंचे। इस मौके पर पूर्व सांसद तेजप्रताप सिंह यादव ने सभी को शुभकामनाएं दीं और लोगों से नये साल पर भाजपा मुक्त प्रदेश बनाने के लिये संकल्प लेने का आवाहन किया।
कार्यकर्ताओं के बीच तेज प्रताप ने किसान आंदोलन से लेकर पार्टी के जनाधार को मजबूत करने का संकल्प दिलाते हुये कहा कि पार्टी का आधार ही गांवों में हैं और ऐसे में गांवों को भाजपा कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर गांव के किसान कमजोर होंगे तो देश कमजोर होगा इसे ध्यान में रखते हुये अभी से सभी को जुटना जरूरी है। कहा कि गांव गांव तक पहुंचकर लोगों को पार्टी की नीतियां बताएं, ताकि सपा की 2022 में सरकार बने। इस मौके पर राजवीर सिंह यादव, संतोष शाक्य, राजवीर बाबा प्रधान, लालजी दुबे, गनेश फौजी, उपेंद्र यादव, रणवीर सिंह यादव मामा, बलवीर सिंह यादव, डा. गौरव यादव, सौरव यादव आदि मौजूद रहे।