जसवंतनगर में खराब ट्रक में पीछे से टक्कर, दो लोगों की मौके पर मौत
Etawah-auraiya News - जसवंतनगर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। डीसीएम को ठीक करते समय एक तेज गति वाले ट्रक ने टक्कर मार दी। रोहित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नितिन गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में अस्पताल में उनकी भी मृत्यु हो गई। आरोपी ट्रक चालक फरार हो गया।

जसवंतनगर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। कानपुर आगरा नेशनल हाइवे विचारपुरा के पास एक डीसीएम अचानक खराब हो गई। चालक रोहित पुत्र रामकृष्ण निवासी चंदपुरा कंचौली थाना दिवियापुर, औरैया तथा उसका साथी नितिन सड़क किनारे ट्रक खड़ा कर उसे ठीक कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे एक अन्य ट्रक ने डीसीएम में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोहित ट्रक के पहिए के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं नितिन गंभीर रूप से घायल होकर ट्रक के नीचे फंस गया। मौके पर पहुंची पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से जिला अस्पताल इटावा भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। हाईवे के मैनेजर सुनीत चौहान टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हाइड्रा व जेसीबी मशीनों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


