कार्रवाई न हुई तो शव रखकर प्रदर्शन की चेतावनी, दो पर मुकदमा दर्ज

Newswrap हिन्दुस्तान, इटावा औरैया
share

Etawah-auraiya News - बढ़पुरा थाना क्षेत्र के असवा गांव में किसान संदीप की करंट से मौत के बाद परिजनों ने पुलिस को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अवैध बिजली कनेक्शन के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर शव को उदी चौराहे पर रखकर प्रदर्शन करेंगे। प्रशासन ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

कार्रवाई न हुई तो शव रखकर प्रदर्शन की चेतावनी, दो पर मुकदमा दर्ज

बढ़पुरा थाना क्षेत्र के असवा गांव में किसान की करंट से मौत के बाद परिजनों ने पुलिस और प्रशासन को चेताया। चेतावनी दी कि अवैध रूप से 11 हजार की लाइन में कटिया डालने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे पोस्टमार्टम के बाद शव को उदी चौराहे पर रखकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। परिजनों के इस रुख से प्रशासन में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से कुछ लोग हाईटेंशन लाइन में अवैध रूप से कटिया डालकर बिजली चोरी कर रहे थे।

इसी लापरवाही से अवैध कनेक्शन के कारण खेतों में लगे लोहे के तार में करंट आ गया, जिसकी चपेट में आकर संदीप की जान चली गई। परिजनों का कहना है कि समय रहते इस पर रोक लगाई गई होती, तो यह हादसा टल सकता था। प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र मिश्रा ने बताया किसान संदीप के भाई की तहरीर पर गांव के ही आशाराम और उसके बेटे हरपाल के खिलाफ गैरइरादतन हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अवैध बिजली कनेक्शनों के खिलाफ भी अभियान चलाने की बात कही जा रही है। उधर, पोस्टमार्टम हाउस पर बुधवार को भारी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि पहुंचे। वरिष्ठ भाजपा नेता विमल भदौरिया ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से फोन पर बात कर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग भी की। इसके अलावा पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रदीप सिंह चौहान, पूर्व प्रधान गोल्डी और पूर्व प्रधान शंभू दयाल पाल उर्फ टुंडे भी मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। सभी ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। बता दें कि मंगलवार शाम खेत पर काम करते समय 28 वर्षीय संदीप करंट की चपेट में आ गया था। संदीप अपने परिवार का एकमात्र सहारा था और खेती-बाड़ी कर पत्नी और दो मासूम बेटियों का भरण-पोषण करता था। युवक की मौत के बाद गांव में आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Voice of UP
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।