महानंदा एक्सप्रेस में शराब की खेप के साथ बेगूसराय का इंजीनियर गिरफ्तार
Etawah-auraiya News - इटावा में जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने महानंदा एक्सप्रेस से बेगूसराय के एक इंजीनियर को गिरफ्तार किया। उसके पास से 48 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 60 हजार रुपये है। आरोपी गौरव कुमार ने बताया कि यह शराब उसके दोस्त राहुल द्वारा भेजी गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इटावा। दिल्ली से बिहार अंग्रेजी शराब ले जा रहे बेगूसराय के एक इंजीनियर को महानंदा एक्सप्रेस से पकड़ा गया। इटावा रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने इंजीनियर के पास से चार पिट्टू और एक ट्रॉली बैग में 48 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की। इसकी कीमत करीब 60 हजार रुपये की बताई गई है। जीआरपी थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह और आरपीएफ इंस्पेक्टर दिनेश कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि बुधवार दोपहर ट्रेनों में तलाशी अभियान चलाया गया। गाड़ी संख्या 15484 सिक्किम-महानंदा एक्सप्रेस के कोच एच-1 की सीट नंबर 26 के नीचे रखे संदिग्ध सामान की तलाशी ली गई।
पुलिस को चार पिट्ठू बैग और एक ट्रॉली बैग मिला। इन्हें खोला गया तो इनमें शराब की 48 महंगी बोतलें भरी थीं। पुलिस की गिरफ्त में आए युवक की पहचान गौरव कुमार के रूप में हुई है, जो मटियानी, बेगूसराय बिहार का रहने वाला है और पेशे से इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियर है। पूछताछ के दौरान गौरव ने बताया कि यह खेप उसके बचपन के दोस्त राहुल ने भिजवाई थी। राहुल ने ही उसका टिकट कन्फर्म कराया था। जब ट्रेन पुरानी दिल्ली स्टेशन पर खड़ी थी तभी पांच लड़के आए और बैग उसकी सीट के नीचे रखकर चले गए। जीआरपी थानाध्यक्ष ने बताया कि गौरव के दोस्त राहुल और दिल्ली में शराब सप्लाई करने वाले गिरोह की जांच कराई जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


