
बेटियां करेंगी नाम रोशन, इन्हें कमजोर नहीं समझें
Etawah-auraiya News - सैफई के रजमऊ में मिशन शक्ति अभियान के तहत जन चौपाल का आयोजन किया गया। SSP बृजेश कुमार ने कानून का पालन करने और बेटा-बेटी में भेदभाव न करने की अपील की। उन्होंने महिलाओं के खिलाफ हिंसा को बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी और छात्राओं से मोबाइल का सदुपयोग करने की सलाह दी।
सैफई। वैदपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत रजमऊ में मिशन शक्ति अभियान के तहत जन चौपाल का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि सभी लोग कानून का पालन करें और बेटा बेटी में भेदभाव न करें। हो सकता है बेटी सुनीता विलियम्स या पीटी उषा बनकर देश और समाज का नाम रोशन करे। एसएसपी ने छात्राओं से मोबाइल का दुरुपयोग न करने और पढ़ाई के लिए सदुपयोग करने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रत्येक थाने में मिशन शक्ति केंद्र खोले गए हैं, जहां महिला अधिकारी शिकायत सुनकर समाधान करेंगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नारी हिंसा, घरेलू हिंसा और महिला उत्पीड़न करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
नोडल अधिकारी मिशन शक्ति अभयनाथ त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी जसवंतनगर आयुषी सिंह ने कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में बेटियां तुरंत महिला हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं। किसी प्रकार का उत्पीड़न बर्दाश्त न करें। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीचंद ने कहा कि माताएं और बहनें समाज की मातृशक्ति हैं। पुत्री को कभी कमजोर नहीं समझना चाहिए। विद्यालय के प्रधानाचार्य धीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि बेटियां समाज का दर्पण होती हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक वैदपुरा नरेंद्र मिश्रा ने कहा कि वैदपुरा पुलिस सदैव जनता की सेवा में तत्पर है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




