चलती स्कूटी में लगी आग से धूं-धूंकर जली, बैटरी फटने से मचा हड़कंप
Etawah-auraiya News - जसवंतनगर में कचौरा घाट रोड पर एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। स्कूटी सवार विपनेश ने बताया कि वह बाजार से अपने गांव लौट रहा था, तभी उसकी स्कूटी में धुआं निकलने लगा। कांस्टेबल और स्थानीय लोगों ने तुरंत आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। किसी को चोट नहीं आई।
जसवंतनगर। कचौरा घाट रोड पर नदी के पुल के आगे स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके के सामने बुधवार दोपहर एक चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई और बैटरी में विस्फोट हो गया। घटना के समय बाजार से अपने गांव जा रहा स्कूटी सवार बाल-बाल बच गया। सिसहाट गांव निवासी विपनेश पुत्र दिग्गविजय सिंह ने बताया कि बुधवार दोपहर बाजार से वह अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी से अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही वह अंग्रेजी शराब के ठेके के सामने पहुंचा, तभी अचानक स्कूटी से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। कुछ ही पलों में बैटरी में विस्फोट हो गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
उसी दौरान उधर से गुजर रहे कांस्टेबल अरविंद धीरेन ने स्कूटी सवार को सुरक्षित दूरी पर हटा दिया। इसके बाद आसपास मौजूद दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने भी साहस दिखाया। दुकानों के सामने पड़ी बालू और मिट्टी डालकर और पास के घरों में लगे समरसेबल पंप चलाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे कोई बड़ा हादसा टल गया। घटना के चलते कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लेने से कोई जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि आग पर जल्द काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर लोगों में चर्चा तेज हो गई है मौजूद लोगों ने बताया कि दमकल विभाग को सूचना दी, लेकिन समय रहते नहीं पहुंच सकी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




