Etawah Auraiya News: सांड़ ने चारपाई समेत बुजुर्ग को रौंदा, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर
Etawah Auraiya News: उझियानी गांव में 85 वर्षीय लक्ष्मी कांत तिवारी पर एक सांड़ ने हमला कर दिया। हमले में वो गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महेवा में भर्ती कराया गया। ग्रामीणों ने सांड़ को भागाने के लिए लाठी-डंडों का सहारा लिया। परिजन पशुपालन विभाग से शिकायत करने का विचार कर रहे हैं।

Etawah Auraiya News: बकेवर संवाददाता। थाना क्षेत्र के उझियानी गांव में बुधवार सुबह घर के बाहर चारपाई पर आराम कर रहे 85 वर्षीय बुजुर्ग पर सांड़ ने अचानक हमला कर दिया। सांड़ ने चारपाई समेत बुजुर्ग को रौंद दिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महेवा ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।उझियानी निवासी लक्ष्मी कांत तिवारी बुधवार सुबह करीब 10 बजे घर के बाहर चारपाई पर लेटे हुए थे। इसी दौरान गांव में घूम रहा सांड़ अचानक उनकी ओर आया और उन पर हमला कर दिया।
बुजुर्ग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही सांड़ ने चारपाई समेत उन्हें रौंद दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने लाठी-डंडों की मदद से सांड़ को वहां से भगाया। हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें महेवा सीएचसी लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दोपहर करीब एक बजे उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बुजुर्ग के नाती अनुराग ने बताया कि गांव में घूम रहा यही सांड पहले भी लोगों पर हमला कर चुका है। दो दिन पहले उसने उनके चाचा पर हमला किया था। अबीर बाबा को भी सांड़ ने घायल किया था। उन्होंने बताया कि घटना की शिकायत पशुपालन विभाग से की जाएगी। ग्रामीणों ने गांव में घूम रहे आवारा पशुओं को गोशाला भेजने की मांग की है।

