रकुईया नहर पुल पर ड्राइवर को पीटकर डीसीएम लूटी, मैनपुरी से बरामद
Etawah-auraiya News - सैफई में रकुईया नहर पुल के पास एक ड्राइवर पर हमला हुआ और उसका डीसीएम लूट लिया गया। पुलिस ने सूचना मिलते ही लूटे गए वाहन को मैनपुरी के दिहुली क्षेत्र से बरामद कर लिया। ड्राइवर को गंभीर चोट आई है, और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

सैफई, संवाददाता। रकुईया नहर पुल के पास ड्राइवर को बुलाकर उसके साथ मारपीट कर माल से लदा डीसीएम लूट लिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने लूटे गए डीसीएम को मैनपुरी के दिहुली क्षेत्र से बरामद कर लिया। वाहन में लदा माल भी सुरक्षित मिला है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। आगरा के थाना ट्रांस यमुना के विनोद विहार कॉलोनी निवासी आबाद शाह पुत्र सकबीर शाह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह राजस्थान से माल लादकर वाहन से आगरा जा रहा था। रास्ते में उसके पास रविवार रात करीब 1:30 बजे रिश्तेदार का फोन आया और रकुईया नहर पुल थाना सैफई क्षेत्र में उसे फोन कर बुलाया गया।
वहां पहले से मौजूद लोगों ने उसे घेर लिया और मारपीट की। हमले में उसके सिर में गंभीर चोट आई और हाथ की अंगूली टूट गई। इसके बाद आरोपी वाहन लेकर भाग गए। घायल ड्राइवर को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी ग्रामीण श्रीश चंद्र, सीओ आयुषी सिंह के नेतृत्व में सैफई थाना अध्यक्ष भूपेंद्र राठी व एसओजी की टीमें सक्रिय कर दी गईं। पुलिस ने संभावित स्थानों पर दबिश देते हुए कार्रवाई की और लूटा गया वाहन रिश्तेदार के घर के बाहर मैनपुरी के थाना बरनाहल क्षेत्र के दिहुली के पास से बरामद कर लिया। पीड़ित ने अपने भाई आमिर, भाभी कलशुम व अरविंद सहित अन्य पर लूट, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र राठी ने बताया पीड़ित और आरोपी रिश्तेदार हैं। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी मौके पर नहीं मिले, दबिश दी जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


