ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशयमुना के घाटों की सफाई को लेकर डीएम ने चलाया विशेष अभियान

यमुना के घाटों की सफाई को लेकर डीएम ने चलाया विशेष अभियान

इटावा। हिन्दुस्तान संवाद शहर की साफ सफाई के साथ ही यमुना सफाई को लेकर भी

यमुना के घाटों की सफाई को लेकर डीएम ने चलाया विशेष अभियान
हिन्दुस्तान टीम,इटावा औरैयाSun, 17 Jan 2021 11:42 PM
ऐप पर पढ़ें

इटावा। हिन्दुस्तान संवाद

शहर की साफ सफाई के साथ ही यमुना सफाई को लेकर भी रविवार से एक भगीरथ प्रयास की शुरुआत की गयी। डीएम की निगरानी में हर रविवार को यमुना के घाटों की सफाई को लेकर विशेष अभियान चलाने की शुरुआत की गई है। रविवार को डीएम श्रुति सिंह ने खुद यमुना घाट के किनारे सफाई अभियान की शुरुआत की। उन्होंने न सिर्फ खुद घाट पर सफाई की बल्कि लोगों को भी यमुना की साफ-सफाई के साथ इसके घाटों की सुंदरता को वापस लाने के प्रयास में जुड़ने का आह्वान किया।

रविवार को विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ डीएम श्रुति सिंह ने यमुना घाट पहुंचकर सफाई अभियान का नेतृत्व किया। इस दौरान पालिका के 100 से अधिक सफाई कर्मचारी घाट की सफाई में जुटे रहे। हनुमान घाट की ओर एक बड़े क्षेत्रफल में इस सफाई अभियान की शुरुआत की गई जिसके तहत लोगों ने हाथ से कूड़ा उठाकर स्वच्छता का संदेश दिया। डीएम श्रुति सिंह ने कहा कि हर रविवार को इस अभियान के तहत यमुना के घाटों की सफाई की जाएगी। जिसमें सभी जनप्रतिनिधि, अधिकारी, स्वयंसेवी संगठन व आम जनता की भागीदारी जरूरी है। जिससे समय रहते यमुना के घाटों में फिर से एक बार सुंदरता लौट सके। उन्होंने यमुना एक्शन प्लान व नमामि गंगे प्रोजेक्ट के तहत घाटों के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव भी तैयार करने के निर्देश दिए। इस संबंध में उन्होंने अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार को निर्देश दिए कि घाटों की रंगाई पुताई के साथ इनकी साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। विभिन्न धार्मिक आयोजनों के दौरान यमुना में भी दीप दान आदि का कार्यक्रम आयोजित किया जाए। जिससे लोगों की यमुना के प्रति साफ-सफाई को लेकर मानसिक दशा को बदला जा सके। सुबह के समय चलाए गए इस अभियान में बड़ी संख्या में महिलाएं व बुजुर्ग भी डीएम के साथ सफाई करते नजर आए। विशेष तौर पर पालिका चेयरमैन नौशाबा खानम ने डीएम के साथ मिलकर घंटों यमुना घाट की सफाई में योगदान दिया। इस मौके पर एडीएम जयप्रकाश, एसडीएम सदर सिद्धार्थ, ईओ अनिल कुमार, पूर्व पालिकाध्यक्ष फुरकान अहमद, इस्कॉन महासचिव डॉ. राजीव चौहान, नमिता तिवारी, प्रो. एस सी अग्रवाल आदि शामिल रहे।

डीएम ने यमुना के प्राकृतिक परिवेश व घाटों का जाना हाल

सफाई अभियान के बाद डीएम ने यमुना के प्राकृतिक परिवेश, यहां पाए जाने वाले पक्षियों के बारे में इस्कॉन महासचिव डॉ. राजीव चौहान से बातचीत की। डीएम ने जाना कि किस तरह यहां आने वाले देशी विदेशी पक्षी एक निश्चित समय के बाद अपने प्राकृतिक प्रवास में लौट जाते हैं। इसके साथ ही उन्होंने घाटों के बारे में भी जानकारी हासिल की। यमुना व उसके आसपास राजा सुमेर सिंह किले से निकली सुरंग आदि के बारे में भी डीएम को जानकारी दी गई। साथ ही खटखटा बाबा की तपोस्थली के बारे में भी लोगों ने उन्हें विस्तार से बताया। डीएम ने कहा कि इटावा एक ऐतिहासिक नगरी है ऐसे में इसकी विरासत को सहेजना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इसके लिए एक बड़े प्रोजेक्ट की जरूरत है जिसके तहत घाटों के साथ-साथ यहां पाए जाने वाले अन्य ऐतिहासिक महत्व की चीजों का भी संरक्षण किया जा सके।

घाटों के संरक्षण का जिम्मा उठायेगी पालिका

यमुना किनारे दो दर्जन से अधिक घाटों के सौंदर्यीकरण का जिम्मा पालिका उठाएगी। इसके लिए साफ-सफाई के साथ ही यहां पुताई व विभिन्न कलाकृतियों आदि बनाने का काम भी किया जाएगा। जिससे अधिकारी अनिल कुमार ने कहा कि हर रविवार को चलने वाले इस अभियान में आम जनता की सहभागिता के साथ पालिका भी पूरी तरीके से समर्पित है। लिहाजा घाटों की साफ-सफाई के बाद यहां रंगाई पुताई का काम भी जल्द शुरू करा दिया जाएगा। इसके साथ ही लोगों को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा। जिससे जन जागरूकता के तहत यमुना की सफाई में सभी की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि इटावा की यमुना न सिर्फ ऐतिहासिक या बल्कि यहां के प्राकृतिक परिवेश को भी प्रभावित करती है। लिहाजा जरूरी है कि यमुना व उसके आसपास के इलाकों को साफ सुथरा रखा जाए।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें