गेहूं की फसल में भीषण आग से 50 बीघा फसल जलकर राख

हिन्दुस्तान, इटावा औरैया
Follow us on Google News
share

चौबिया थाना क्षेत्र के गांव मुकुंदपुर में अचानक लगी आग ने 50 बीघा गेहूं की फसल को नष्ट कर दिया। किसान खेतों में काम कर रहे थे जब आग ने विकराल रूप धारण किया। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन तेज हवा के कारण आग फैलती गई। प्रभावित किसान प्रशासन से मुआवजे की मांग कर रहे हैं।

गेहूं की फसल में भीषण आग से 50 बीघा फसल जलकर राख

बसरेहर। चौबिया थाना क्षेत्र के गांव मुकुंदपुर में मंगलवार दोपहर अचानक लगी भीषण आग ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। आग की इस घटना में करीब 50 बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई और किसान हताश नजर आए। मंगलवार दोपहर किसान अपने-अपने खेतों में गेहूं की कटाई कर थकान के बाद आराम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक खेतों की तरफ से धुआं उठता दिखाई दिया। पहले तो किसी को कुछ समझ नहीं आया, लेकिन देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। गांव के लोगों ने जैसे ही खेतों से उठता घना धुआं देखा, वे शोर मचाते हुए मौके की ओर दौड़ पड़े।

ग्रामीणों ने आग बुझाने के लिए हरसंभव प्रयास किए, लेकिन तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। कुछ ही देर में आग ने कई खेतों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयानक थी कि किसानों की खड़ी फसल देखते ही देखते जलकर राख हो गई। इस आग में राजीव कुमार की 14 बीघा, लज्जाराम की 2 बीघा, राजेंद्र सिंह की 16 बीघा, रविंद्र सिंह की 4 बीघा, बालकराम की 6 बीघा, शिवराज सिंह की 3 बीघा, महावीर सिंह की 4 बीघा और रामलखन की 4 बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान पति प्रेम सिंह ने प्रशासन को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने काफी मशक्कत की, लेकिन आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। थोड़ी ही देर में दमकल विभाग की टीम और चौबिया थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मेहनत के बाद आग पर नियंत्रण पाया और आसपास के खेतों में पानी का छिड़काव कर आग को आगे फैलने से रोका। इससे अन्य किसानों की फसल को बचाया जा सका। हालांकि तब तक प्रभावित किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। इस घटना के बाद गांव में मायूसी का माहौल है। किसान प्रशासन से मुआवजे की मांग कर रहे हैं, ताकि उन्हें हुए नुकसान की भरपाई हो सके।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।