Hindi NewsUttar-pradesh NewsEtawah-auraiya NewsDalit Community Bhagwat Katha Resumes Amid Police Security After Violence Incident
इटावा में कथा पंडाल में उत्पात मचाने वाले दो और आरोपी गिरफ्तार

इटावा में कथा पंडाल में उत्पात मचाने वाले दो और आरोपी गिरफ्तार

संक्षेप:

Etawah-auraiya News - भौराजपुर गांव में दलित समाज द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन पुलिस सुरक्षा के बीच पुनः शुरू हुआ। शराब के नशे में हंगामा करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है।

Jan 09, 2026 12:07 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, इटावा औरैया
share Share
Follow Us on

भौराजपुर गांव में दलित समाज की तरफ से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन गुरुवार को कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच दोबारा शुरू कराया गया। कथा पंडाल में शराब के नशे में बवाल करने और पवित्र व्यास गद्दी पर बैठने की कोशिश करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अब तक इस मामले में कुल तीन आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। भौराजपुर गांव में जाटव समाज की ओर से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन कराया जा रहा था।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

मंगलवार की रात कथा के दौरान गांव के ही यादव समाज के छह से अधिक लोग शराब के नशे में कथा पंडाल में पहुंचे और वहां जमकर हंगामा किया। आरोप है कि नशे में धुत आरोपियों ने पवित्र व्यास गद्दी पर जबरन बैठने की कोशिश की। ग्रामीणों और आयोजन समिति के सदस्यों ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने कथा बंद कराने की धमकी दी और माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। आरोपियों ने तमंचा लहराकर महिलाओं से अभद्रता की और विरोध करने पर ग्रामीणों के साथ मारपीट भी की। अचानक हुई इस घटना से कथा पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई और कार्यक्रम को तत्काल रोकना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस को अवगत कराया गया। इस मामले में भौराजपुर गांव निवासी अखिलेश जाटव ने थाना ऊसराहार में तहरीर देकर गांव के ही पांच लोगों को नामजद करते हुए तीन-चार अज्ञात के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। मुकदमा दर्ज होने के बाद बुधवार को एहतियातन कथा का आयोजन स्थगित कर दिया गया था, जिससे गांव में तनाव की स्थिति बनी रही। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। सीओ भरथना रामदवन मौर्य के निर्देशन में थानाध्यक्ष ऊसराहार बलराज भाटी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कराई। बुधवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी राम यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बुधवार की रात भी दबिश का सिलसिला जारी रहा, जिसमें पुलिस ने आरोपी महेंद्र सिंह और रितिक कुमार को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। गुरुवार को थानाध्यक्ष बलराज भाटी गांव पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। पुलिस सुरक्षा के बीच श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन दोबारा शुरू कराया गया। कथा पंडाल में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया, जिससे किसी भी अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो सके। थानाध्यक्ष बलराज भाटी ने बताया कि अब तक इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य नामजद और अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस सतर्क है और किसी को भी माहौल खराब करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।