
इटावा में उधारी वापस मांगने पर पिता-पुत्रों ईंट-पत्थरों से किया हमला
Etawah-auraiya News - सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नगला बाबा गांव में एक दंपति को उधार दिए गए रुपये मांगने पर लाठी-डंडों से हमला किया गया। पति चंद्रभान गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि एक अन्य महिला भी हिंसा का शिकार बनी। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो ने इलाके में दहशत फैला दी। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नगला बाबा गांव में उधार दिए गए रुपये मांगना एक दंपति को भारी पड़ गया। रुपये वापस मांगने पर पिता और उसके पुत्रों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से दंपति पर हमला कर दिया। इस हमले में अधेड़ व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, वहीं झगड़ा करने से मना करने पर गांव की एक अन्य महिला को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया। घटना का ईंट-पत्थर चलाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने दोनों पीड़ितों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव नगला बाबा निवासी पुष्पा देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके पति चंद्रभान ने गांव के ही आशीष को कुछ समय पहले मकान का लेंटर डलवाने के लिए 50 हजार रुपये उधार दिए थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी रुपये वापस नहीं किए गए। 12 जनवरी की शाम करीब छह बजे चंद्रभान रुपये मांगने आशीष के घर पहुंचे। आरोप है कि रुपये मांगने पर आशीष आग-बबूला हो गया और गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान आशीष के पिता बेचेलाल और उसके भाई अखिलेश तथा असित भी घर से बाहर निकल आए। तीनों ने मिलकर लाठी-डंडों से चंद्रभान पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से चंद्रभान जमीन पर गिर पड़े, लेकिन आरोपियों ने उन पर ईंट-पत्थर भी बरसाए। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे, तब कहीं जाकर चंद्रभान की जान बच सकी। घटना में चंद्रभान को गंभीर चोटें आई हैं। उनके दाहिने पैर के घुटने में गंभीर फ्रैक्चर बताया गया है। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए इलाज शुरू किया। चंद्रभान का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इसी घटना के दौरान गांव की एक अन्य महिला भी हिंसा का शिकार हो गई। आरती पत्नी मोनू ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 12 जनवरी की शाम जब बेचेलाल और उसके बेटे ईंट-पत्थर चला रहे थे, वह अपने घर के बाहर अलाव ताप रही थी। उसने जब आरोपियों को झगड़ा और मारपीट करने से मना किया, तो आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। आरती के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई, जिससे उसे भी चोटें आईं। घटना के दौरान किसी ग्रामीण ने मोबाइल से पूरी वारदात का वीडियो बना लिया, जिसमें खुलेआम ईंट-पत्थर चलाते हुए आरोपी दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद पुलिस पर भी कार्रवाई का दबाव बढ़ गया। वीडियो वायरल होने से गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। दोनों पीड़ित महिलाओं की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पिता-पुत्रों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि नामजद आरोपियों बेचेलाल, अखिलेश और असित को गिरफ्तार कर लिया है। वायरल वीडियो को भी साक्ष्य के रूप में जांच में शामिल किया गया है। अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




