इटावा में ओपीडी का एक रुपये का पर्चा और दलाल ने तीमारदार से ले लिए 50 रुपये

Feb 16, 2026 11:31 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, इटावा औरैया
share Share
Follow Us on

Etawah-auraiya News - संयुक्त जिला अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों को दलालों द्वारा लूटने का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने एंटी रेबीज वैक्सीन के लिए 1 रुपये के पर्चे के 50 रुपये और वैक्सीन के लिए 289 रुपये मांगे जाने की शिकायत की। अस्पताल प्रशासन इसके प्रति अनजान है, जबकि यह कोई पहला मामला नहीं है।

इटावा में ओपीडी का एक रुपये का पर्चा और दलाल ने तीमारदार से ले लिए 50 रुपये

संयुक्त जिला अस्पताल में दूर दराज से आने वाले मरीजों और तीमारदारों को आए दिन दलालों के द्वारा लूटा जा रहा है लेकिन अस्पताल प्रशासन इससे अनजान बना हुआ है।दलालों के झांसे में आकर लोग इलाज के नाम पर लुटने को मजबूर हो रहे हैं । सोमवार को अस्पताल में बच्चे को एआरबी वैक्सीन लगवाने पहुंचे एक व्यक्ति से 1 रुपये वाले पर्चे के 50 रुपये लिये गये और वैक्सीन लगवाने के लिए भी 289 रुपये दलाल द्वारा मांगे गये। पीड़ित ने इसकी शिकायत सीएमएस से की है। जहां संयुक्त जिला अस्पताल प्रशासन परिसर में घूमने वाले दलालों से अनजान है तो वहीं जिम्मेदारों की अनदेखी और लापरवाही के चलते मरीजों का उत्पीड़न हो रहा है।यह

कोई पहला मामला नहीं है इससे पहले भी कई बार दलालों के द्वारा मरीजों को ठगा जा चुका है। भरथना रोड स्थित कल्याणपुर के रहने वाले संजेश अपने 12 वर्षीय पुत्र अभिषेक को लेकर जिला अस्पताल आए थे साथ में अभिषेक के जीजा मेघ सिंह भी थे। अभिषेक को कुत्ते के काटने पर एंटी रेबीज वैक्सीन लगवानी थी। जब तीनो लोग ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटर पर पर्चा बनवाने पहुंचे तो वहाँ लंबी लाइन लगी हुई थी इसी बीच एक व्यक्ति ने जल्द पर्चा बनवाने व वैक्सीन लगवाने की बात कही और पर्चे के 50 रुपये ले लिए। इसके बाद वह मेघ सिंह व अभिषेक को लेकर इमरजेंसी वार्ड के कमरा नंबर 8 में पहुंचा जहां उसने डॉक्टर से कुत्ता काटने पर लगने वाली वैक्सीन पर्चे पर चढ़वाई, ऐसे में डॉक्टर द्वारा ओपीडी के भूतल पर बने 113 नंबर कमरे में वैक्सीन लगवाने कहा तो वह व्यक्ति भी वहां साथ में पहुंच गया। जहां पर उसने मेघ सिंह को कमरे में जाने से पहले कहा कि वैक्सीन का चार्ज 289 रुपये है जिसका आनलाइन फार्म भरा जाएगा। इस पर मेघ सिंह ने कहा कि वे डाक्टर से पूछने जा रहे तो इस बीच वह व्यक्ति भाग निकला। जबकि मेघ सिंह फिर से कक्ष संख्या आठ में पहुंचे और पूरी बात बताई जिस पर डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल में इलाज निशुल्क होने की बात कहते हुए सीएमएस से शिकायत करने को कहा। जिसके बाद पहले मेघ सिंह ने अपने साले को वैक्सीन लगवाई और उसके बाद सीएमएस से शिकायत की। सीएमएस ने सीसीटीवी कैमरे में दलाल को देखा जो पीड़ित के साथ डॉक्टर कक्ष में नजर आया, हालांकि उनके मुताबिक वह अस्पताल का कर्मचारी नहीं है कोई बाहरी व्यक्ति था।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;
;