इटावा में सीडीओ ने ब्लॉक कार्यालय का किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं सुधारने के दिए निर्देश
Etawah-auraiya News - सीडीओ अजय गौतम ने विकासखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया और कई विभागों में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कैंटीन, सामुदायिक शौचालय, और अन्य कक्षों का निरीक्षण किया। अनुपस्थित संचालिका पर नाराजगी जताई और स्वच्छता सुनिश्चित करने के आदेश दिए। अधिकारी और कर्मचारी की उपस्थिति की भी जांच की गई।

सीडीओ अजय गौतम ने गुरुवार को विकासखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने निरीक्षण की शुरुआत ब्लॉक परिसर में प्रेरणा योजना के अंतर्गत संचालित कैंटीन से की। यहां कैंटीन की संचालिका खुशबू निराला, जो संगम स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष हैं, मौके पर अनुपस्थित मिलीं। उनके स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को संचालन करते देख सीडीओ ने नाराजगी जताई और जिम्मेदारों को व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने सामुदायिक शौचालय, स्थापना पटल, आवास शिकायत कक्ष, समाज कल्याण कक्ष, फैमिली आईडी कक्ष और मनरेगा कक्ष का निरीक्षण किया।
साथ ही लघु सिंचाई विभाग, राजकीय कृषि बीज भंडारण केंद्र और पंचायत विभाग के कार्यालयों की भी जांच की। निरीक्षण के दौरान रजिस्टरों की जांच करते हुए साफ-सफाई, रखरखाव और कर्मचारियों की उपस्थिति का भी अवलोकन किया गया। सीडीओ ने शौचालयों में स्वच्छता और पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक कार्यालय के बाहर संबंधित अधिकारी और कर्मचारियों के नाम का बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने जर्जर भवनों को हटाकर सुरक्षित भवन बनाने की बात कही। इस दौरान बीडीओ डॉ. मनोज कुमार, देवेंद्र पाल सिंह, बलवीर सिंह, महेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


