
इटावा में 11 पार्कों को मिलेगा नया स्वरूप, मिला 2.36 करोड़ का बजट
Etawah-auraiya News - शहर के 11 पार्कों के सौंदरीकरण का कार्य आवास विकास परिषद द्वारा जल्द ही शुरू किया जाएगा। सदर विधायक सरिता भदौरिया ने गायत्री पार्क में भूमि पूजन किया। सरकार ने 2 करोड़ 36 लाख रुपये का बजट प्रदान किया है। इसमें पार्कों की मरम्मत, नवीनीकरण और प्रकाश व्यवस्था की जाएगी।
शहर के 11 पार्कों के सौंदरीकरण को लेकर आवास विकास परिषद जल्द ही काम का शुरू करने जा रहा है। रविवार को सदर विधायक सरिता भदौरिया ने फ्रेंड्स कॉलोनी के गायत्री पार्क में इन पार्कों के निर्माण और बेहतर व्यवस्थाओं को लेकर भूमि पूजन किया। सदर विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार जिले में विकास को बेहतर गति देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। यही कारण है कि नगर पालिका क्षेत्र में आने वाले प्रमुख पार्कों का सौंदरीकरण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगले 10 दिन में निर्माण कार्य शुरू कराया जाए जिससे समय से काम पूरा हो सके।
इस मौके पर डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ला ने बताया कि 11 पार्कों के लिए आवास विकास परिषद की ओर से सौंदरीकरण, मरम्मत, नवीनीकरण एवं प्रकाश व्यवस्था आदि की जाएगी। उन्होंने बताया कि 2 करोड़ 36 लाख रूपये सरकार से बजट प्राप्त हुआ। आवास विकास परिषद द्वारा यह कार्य कराया जाएगा। उन्होंने गायत्री पार्क में अन्य कार्य के साथ अर्थ फिलिंग कार्य के निर्देश दिए। एई आवास विकास सौरभ सिंह ने बताया कि फ्रेंड्स कॉलोनी के गायत्री पार्क,गोपाल पार्क, गणेश पार्क, आवास विकास कॉलोनी का अम्बेडकर पार्क, एक अन्य पार्क के साथ आवास विकास ब्लॉक बी का पार्क, लाल बहादुर शास्त्री, रणवीर नगर, शिवाजी पार्क कृष्णा पुरम कॉलोनी, डीएम आवास के पीछे सिविल लाइन व चौगुर्जी के देवकीनंदन में हाई मास्क, हेंडपम्प, स्टोन बैंच, बाउंड्री वॉल, हरियाली के साथ जिम उपकरण, झूले आदि की व्यवस्था की जायेगी। इस मौके पर पूर्व विधायक रघुराज सिंह शाक्य, सिटी मजिस्ट्रेट राजेंद्र बहादुर, ईओ नगर पालिका संतोष कुमार मिश्र, अधिशासी अधिकारी आवास विकास दीपक कुमार, एई सौरभ सिंह सभासद पंकज पचौरी आदि उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




