
इटावा में सुसाइड करने जा रहे बीएससी के छात्र को मेटा के अलर्ट पर बचाया
Etawah-auraiya News - जसवंतनगर में एक बीएससी छात्र ने ब्रेकअप के बाद सुसाइडल स्टोरी पोस्ट की। मेटा के अलर्ट पर पुलिस 15 मिनट में पहुंची और छात्र को बचा लिया। छात्र मानसिक अवसाद में था, जिसे पुलिस ने समझाया और काउंसलिंग की। परिजनों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की।
जसवंतनगर थाना क्षेत्र में सुसाइड करने जा रहे एक बीएससी के छात्र को मेटा के अलर्ट पर 15 मिनट में पहुंची पुलिस ने बचा लिया। छात्र ने ब्रेकअप के बाद शुक्रवार देर शाम इंस्टाग्राम पर रस्सी की फोटो लगाकर 'माफ करना आप सब लोग' लिखते हुए एक सुसाइडल स्टोरी पोस्ट की थी। मेटा कंपनी ने यह सुसाइडल स्टोरी यूपी पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम को भेज दी। जांच पड़ताल के बाद कुछ ही मिनट में पुलिस छात्र के पास पहुंच गई और उसे जान देने से रोक लिया। सोशल मीडिया की सतर्क निगरानी और पुलिस की कार्रवाई से शुक्रवार देर रात एक बीएससी छात्र की जान बचा ली गई।

पुलिस मीडिया सेल ने बताया कि शुक्रवार रात 10 बजकर 16 मिनट पर मेटा कंपनी से पुलिस महानिदेशक मुख्यालय स्थित सोशल मीडिया सेंटर को अलर्ट मिला कि एक 20 वर्षीय बीएससी छात्र ने इंस्टाग्राम पर सुसाइड करने की स्टोरी पोस्ट की है। इंस्टाग्राम आईडी की जांच कर इलेक्ट्रॉनिक व मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर स्टोरी की लोकेशन जसवंतनगर क्षेत्र की पाई गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कमल भाटी पुलिस टीम के साथ महज 15 मिनट में छात्र के घर पहुंचे। परिजनों से पता चला कि छात्र घर से निकल चुका है। पुलिस ने छात्र की तलाश शुरू की तो वह जंगल की ओर रस्सी हाथ में लिए जाते दिखा। पुलिस तुरंत उसके पास पहुंची और समझा-बुझाकर वापस ले आई। पूछताछ में छात्र ने बताया कि गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप के कारण वह मानसिक अवसाद में था। पुलिस ने काउंसिलिंग कर उसे समझाया और मानसिक संबल दिया। परिजनों ने पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता की सराहना की।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


