Etawah Auraiya News: हत्यारोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आक्रोशित लोगों का हाईवे पर जाम

हिन्दुस्तान, इटावा औरैया
Follow us on Google News
share

Etawah Auraiya News: ऊसराहार में केबल निकालने के विवाद में 55 वर्षीय चरण सिंह की हत्या कर दी गई। आरोपी राजा की तलाश में पुलिस ने रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन वह पुलिस की पकड़ से दूर है। ग्रामीणों ने मृतक का शव रखकर हाईवे पर जाम लगाया, जिसे पुलिस अधिकारियों ने समझा कर हटाया।

Etawah Auraiya News: हत्यारोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आक्रोशित लोगों का हाईवे पर जाम

Etawah Auraiya News: ऊसराहार। घर के सामने से केबल निकालने को लेकर की गई युवक की हत्या को लेकर लोगों में आक्रोश है। हत्यारोपी भतीजे की तलाश में पुलिस का बड़ा सर्च ऑपरेशन रातभर खेतों और जंगलों में कॉम्बिंग की। लेकिन आरोपी राजा पुलिस की पहुंच से दूर है। नाराज परिजनों के साथ मिलकर गांव वालों ने मृतक का शव रखकर हाईवे पर जाम लगाया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। इस बीच 30 मिनट तक हाईवे पर आने वाले वाहनों की लाइन लगी रही। ऊसराहार थाना क्षेत्र के गांव नगला जलाल में रविवार की शाम 55 साल के चरण सिंह की केबल घर के सामने से निकालने की मामूली बात को लेकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक चरण सिंह के बेटे टिंकू ने राज कुमार उर्फ राजा समेत पांच के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी राजा खेतों की ओर भाग निकला था। पुलिस आरोपी राजा की तलाश में देर रात तक इलाके के खेतों और आसपास के जंगलों में सघन कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाती रही। आरोपी राजा चालाकी से पुलिस की पकड़ से दूर निकलने में कामयाब रहा। पुलिस की टीमों ने इस मामले में संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। एसएसपी ने एसओजी के अलावा पुलिस की तीन टीमों को हत्यारोपी की गिरफ्तारी की जिम्मेदारी सौंपी है।

पुलिस की कार्रवाई

सोमवार को चरण सिंह के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजन घर ला रहे थे। गांव पहुचने से पहले कर्री पुलिया के पास तिराहे पर चरणसिंह के शव को रखकर जाम लगा दिया गया। सीओ रामदवन मौर्य और प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार मिश्रा मौके पर पहुंच गए। परिजनों को समझा बुझाकर और आरोपी की शीघ्र ही गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। तब शव को अतिंम संस्कार के लिए गांव भेजा गया। 30 मिनट तक जाम लगा रहा, इसके बाद यातायात सामांय हुआ।

एसएसपी बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीश चंद्र, प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार मिश्रा के अलावा सीओ आरडी मौर्य के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों को लगाया गया है। रविवार की रात में भी एएसपी ग्रामीण और सीओ भारी पुलिस बल के साथ जंगलों में खुद उतरकर कॉम्बिंग करते रहे। सोमवार को एएसपी सिटी अभय नाथ त्रिपाठी ने क्षेत्राधिकारी रामदवन मौर्य के साथ गांव पहुंचकर लोगों से पूछताछ।

हत्याकांड के कारण

केबल डालने के विवाद में भतीजे राजा ने ही चाचा चरण सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। चरन सिंह के बेटे टिंकू ने तहरीर में बताया कि वह अपने पिता के साथ घर के दरवाजे पर बैठे थे। तभी गांव के राहुल, राजा उर्फ राजकुमार पुत्रगण औसान सिंह और सोमेश उर्फ प्रियंश हाथ में तमंचा लेकर आए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने एकराय होकर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। गोली लगने से चरन सिंह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। आनन-फानन में घायल को सीएचसी सरसई नावर ले गए जहां से गंभीर हालत में उन्हें पीजीआई सैफई रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने जांच के दौरान चरन सिंह को मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे टिंकू की तहरीर के आधार पर पुलिस ने राहुल, राजा, सोमेश, अंकित और असित यादव निवासी फ्रेंड्स कालौनी इटावा के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

गांव का हाल

नगला जलाल गांव में 50 घरों के परिवार रहते हैं। पूरा गांव एक ही सजातीय लोगों का है। गांव में वषोंर् से बिजली की चोरी चलती है। लेकिन अधिकारियों की हिम्मत तक नहीं होती कि इस गांव में चेकिंग तक कर सकें। यही कारण है कि गांव में केवल छह ही कनेक्शन हैं। जबकि पूरा गांव ही बिजली जलाता है। गांव में केबल निकालने के विवाद में ही चरण सिंह की गोली मारकर हत्या की गई थी। उनका मौसी से घर के सामने से केबल निकालने को लेकर विवाद चल रहा था। हालांकि एफआईआर में केबल डालने का कोई जिक्र नही है। इस संबध में अवर अभियन्ता सतेंद्र कुमार ने बताया गांव में लगभग आधा दर्जन कनेक्शन हैं। अगर कोई बिना कनेक्शन बिजली जलाता है तो कार्रवाई होगी।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

गांव नगला जलाल में कितने घर हैं?
नगला जलाल गांव में 50 घरों के परिवार रहते हैं।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsUP NewsइटावाEtawah Auraiya News: हत्यारोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आक्रोशित लोगों का हाईवे पर जाम