सैफई। हिन्दुस्तान संवाद
कस्बे में नेताजी मुलायम सिंह यादव के बचपन के साथी रहे स्वर्गीय दर्शन सिंह यादव प्रधान की स्मृति में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमलता यादव ने पति राजपाल यादव के साथ कंबल वितरित किए। ठंड से जरूरतमंदों को बचाने को कंबल लेने वालों की भीड़ उमड़ी रही।
कंबल वितरण के दौरान भावुक होते हुए सपा के वरिष्ठ नेता राजपाल यादव ने कहा कि विकास माडल को स्वर्गीय दर्शन सिंह यादव ने अपनाकर गांव को विकसित किया उनकी कमी सदैव खलती रहेगी। इस प्रधान केवल गांव के प्रधान ही नहीं बल्कि हमारे सच्चे पथ प्रदर्शक भी थे।
नववर्ष पर शुक्रवार को सैफई चौराहे पर स्थित स्वर्गीय प्रधान के आवास पर करीब 500 से अधिक लोगों को कंबल वितरित किए गए। स्वर्गीय दर्शन सिंह यादव के पुत्र जयनारायण सिंह यादव और नाती सैफई गांव प्रधान प्रतिनिधि अंकित उर्फ बीटू द्वारा कंबल वितरित का कार्यक्रम रखा गया था। मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंची पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमलता यादव ने भी दर्शन सिंह यादव के किए काम गिनाते हुए कहा कि सैफई को उनकी कमी हमेशा रहेगी। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य डा. अरविंद यादव, संतोष शाक्य, लालजी दुबे, राहुल ठाकुर, नरेश चंद यादव प्रधान, मुकेश गुप्ता प्रधान, जनवेद यादव आदि थे।