
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 : मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन, 6 फरवरी तक दें दावे-आपत्ति
Etah News - जिला निर्वाचन अधिकारी प्रेमरंजन के निर्देश पर मतदाता नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 कार्य प्रगति पर है। 6 जनवरी से 06 फरवरी तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि निर्धारित की गई है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जन्मदिन पर 23 जनवरी को ब्लैक आउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी प्रेमरंजन के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्य प्रकाश ने बताया कि जनपद की समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 कार्य प्रगति पर है। निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 6 जनवरी को सभी मतदेय स्थलों पर नियमानुसार कर दिया गया है। आयोग ने दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 6 जनवरी से 06 फरवरी तक निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि इस अवधि में ऐसे सभी पात्र नागरिक, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। किसी कारणवश मतदाता सूची से विलोपित हो गया है। अपने निकटतम मतदेय स्थल पर तैनात बीएलओ से संपर्क कर प्रारूप-6 (नया पंजीकरण), प्रारूप-7 (अपमार्जन) एवं प्रारूप-8 (संशोधन) के माध्यम से आवश्यक अभिलेखों सहित आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ऐसे युवा मतदाता जिनकी आयु 01 जनवरी 2026, 01 अप्रैल 2026, एक जुलाई 2026 अथवा एक अक्तूबर 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है। वह भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाने के लिए पात्र नागरिक मोबाइल ऐप, निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जिससे अधिक से अधिक पात्र नागरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहभागी बन सकें। नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जन्मदिन पर 23 जनवरी को होगी मॉक ड्रिल नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जन्मदिवस पर नागरिक सुरक्षा के तहत जनपद में प्रस्तावित ब्लैक आउट मॉक ड्रिल के आयोजन की महत्वपूर्ण बैठक कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्यप्रकाश ने मॉक ड्रिल को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए विभागीय समन्वय, आवश्यक तैयारियों एवं दायित्व निर्धारण पर विस्तार से चर्चा की गई। अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने बताया कि ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासन एवं नागरिकों की तैयारियों का परीक्षण करना। नागरिक सुरक्षा के प्रति जनसामान्य को जागरूक करना है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में निर्देशित किया कि मॉक ड्रिल में आवश्यक सेवाएं सुचारु रूप से संचालित रहें। जनसामान्य को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसका विशेष ध्यान रखा जाए। बैठक में अपर उप जिलाधिकारी अनवर राशिद फारुकी, पीयूष रावत, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राममोहन तिवारी, सीओ सदर राजेश कुमार, आपदा विशेषज्ञ राणा प्रताप सिंह, अधीक्षण अभियंता विद्युत सत्यनारायण, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत सिंह, कर निर्धारण अधिकारी नगर पालिका एटा जगजीवन राम सहित अन्य उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




