
विजन एवं रणनीति कार्यशाला में साक्षरता-गुणवत्ता सुधार पर मंथन
संक्षेप: Etah News - एटा में निपुण भारत मिशन के तहत 'विजन एवं रणनीति कार्यशाला' का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य बच्चों के शिक्षण व्यवहार में बदलाव लाना, ज्ञान और कौशल को विकसित करना था। इसमें बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक दक्षता पर चर्चा की गई। कार्यशाला में सभी संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।
एटा। जनपद में निपुण भारत मिशन के तहत मंगलवार को 'विजन एवं रणनीति कार्यशाला' का आयोजन हुआ। कार्यशाला में एटा और कासगंज जिलों के सभी खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक, एसआरजी, एआरपी और डायट मेंटर्स के साथ साक्षरता, गुणवत्ता सुधार पर मंथन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य बुनियादी शिक्षा में गुणवत्तापूर्ण बदलाव के संकल्प को मजबूत करना था। मंगलवार को हरचंदपुर स्थित डायट सभागार में इसका शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी डॉ. नागेंद्र नारायण मिश्र ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया। सीडीओ ने बताया कि यह कार्यशाला बच्चों के शिक्षण व्यवहार में बुनियादी बदलाव लाने, उनके ज्ञान, कौशल और आत्मविश्वास को नई दिशा देने का एक सतत विकासोन्मुख प्रयास है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, कासगंज सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि मिशन निपुण के लक्ष्य केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं हैं। बल्कि बच्चों को सीखने के अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने और शिक्षण कार्य में विविधता लाने से भी जुड़े हैं। राज्य परियोजना कार्यालय लखनऊ के कंसल्टेंट शिवेश ने बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक दक्षता को मजबूत करने की प्रभावी पद्धतियों, अभिनव शैक्षणिक प्रयोगों और एजेंडा आधारित बिंदुओं पर प्रकाश डाला। इस दौरान परख 2024 के परिणामों की समीक्षा भी की गई। आगामी रणनीति पर बिंदुवार चर्चा हुई। कार्यशाला में बालवाटिका के प्रभावी संचालन, संदर्शिका आधारित संरचित पेडागोजी, निपुण विद्यालय के लिए वार्षिक विशिष्ट लक्ष्य निर्धारण पर गहन मंथन किया गया। शिक्षकों की हैंडहोल्डिंग, सपोर्टिव सुपरविजन और डिजिटल संसाधनों के अनुप्रयोग की मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) पर भी विचार-विमर्श हुआ। कार्यशाला का संचालन एसआरजी विपिन कुमार ने किया। कार्यशाला में खंड शिक्षा अधिकारी थान सिंह, हरिकिशोर सिंह, विनोद कुमार, मुकेश कुमार, अमित सक्सेना, दीप्ति, पवन कुमारी, सुरेंद्र अहिरवार, राजेश चौधरी, रामरूप, शशिकांत, राजकुमार, प्रीति गोयल, आरती, मंडल समन्वयक सुमित गर्ग, जिला समन्वयक अविनाश शुक्ला, संजय मिश्रा, संजय यादव, अमित चौहान, आशीष गंगवार, रामलखन, सुनील यादव, कमलेश, गौरव सहित, एसआरजी प्रीति गौर, जितेंद्र सिंह, योगेश, रोहिताश सहित सभी संबंधित अधिकारी, एआरपी, और मेंटर्स उपस्थित रहे। कार्यशाला में प्रतिभाग करने वाले सभी लोगों का प्रभारी जिला समन्वयक प्रशिक्षण राजीव यादव ने आभार व्यक्त किया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




