Etah News: घर में घुसकर की मारपीट, फायरिंग का आरोप
Etah News: गांव नगला गंजी में कुछ आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट की और जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर किया। पीड़ित की चाची को भी निर्वस्त्र कर दिया गया। पुलिस की कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने कोर्ट का सहारा लिया, जिसके बाद रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मामले की जांच जारी है।

Etah News: गांव नगला गंजी में घर में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट की। जान से मारने की नियत से तमंचे से फायर किया। बचाने आई चाची को निर्वस्त्र कर दिया। पुलिस कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश से पीड़ित ने आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना नयागांव के एक गांव निवासी पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 24 अगस्त को गांव नगला गंजी निवासी आरोपी झम्मन उर्फ सुरेश समेत अन्य आरोपी घर में घुस आए। आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर बचाने पहुंची उसकी चाची मंजू देवी और चाचा सर्विस के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की।
आरोप है कि इस दौरान जब परिवार के लोग बीच-बचाव करने लगे तो आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर कर दिया। घटना के बाद मामले से संबंधित वीडियो भी सामने आया था। बताया कि घटना के समय का वीडियो उसके पास मौजूद है। उसके अनुसार, वीडियो में फायरिंग होते हुए दिखाई दे रही है। उसने पुलिस से वीडियो को भी जांच में शामिल कर मामले की कार्रवाई किए जाने की मांग की है। मामले में आरोपी झम्मन उर्फ सुरेश समेत 19 नामजद और पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। थानाप्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है।


